Chicken Nuggets Recipe For Kids: छोटे बच्चों के लिए सही और पौष्टिक खाना चुनना हर माता-पिता के लिए जरूरी होता है. खासकर जब बच्चा 8 महीने के बाद फिंगर फूड खाना शुरू करता है, तब ऐसा भोजन देना जरूरी है जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण से भरपूर भी हो. ऐसे में घर पर बने चिकन नगेट्स एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. ये नरम, हेल्दी और प्रोटीन (Protein) से भरपूर होते हैं, जो बच्चे की ग्रोथ (Growth) और ताकत (Strength) के लिए फायदेमंद माने जाते हैं.
क्यों फायदेमंद हैं चिकन नगेट्स?
चिकन में प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, जो बच्चों की मांसपेशियों और शरीर के विकास में मदद करती है. इसमें आयरन और जरूरी मिनरल्स भी पाए जाते हैं, जो बच्चे की इम्युनिटी (Immunity) और एनर्जी को बढ़ाते हैं. घर पर बने चिकन नगेट्स में आप सब्जियां भी मिला सकते हैं, जिससे बच्चे को कई तरह के पोषक तत्व मिलते हैं.
किन बच्चों को दे सकते हैं चिकन नगेट्स?
यह रेसिपी 8 महीने से ऊपर के बच्चों को दी जा सकती है, जब बच्चा धीरे-धीरे फिंगर फूड पकड़कर खाने की आदत डाल रहा हो. इसे दोपहर के खाने या शाम के हल्के स्नैक के रूप में देना बेहतर माना जाता है, क्योंकि प्रोटीन वाले भोजन दिन के समय आसानी से पच जाते हैं.
चिकन नगेट्स के लिए जरूरी सामग्री-
- बोनलेस चिकन- 80–100 ग्राम
- उबला हुआ आलू (मैश किया हुआ)- 2–3 बड़े चम्मच
- कद्दूकस की हुई गाजर- 1 बड़ा चम्मच
- अदरक लहसुन पेस्ट- 1/4 छोटा चम्मच
- धनिया पत्ते (बारीक कटे)- 1 छोटा चम्मच
- ओट्स पाउडर या ब्रेड क्रम्ब्स- 2–3 बड़े चम्मच
- जीरा पाउडर- 1 चुटकी
- हल्का काली मिर्च पाउडर- 1 चुटकी
- नमक- बहुत कम, लगभग 1–2 चुटकी या डॉक्टर की सलाह के अनुसार
वीडियो देखें:
यह भी देखें: Ragi Chia Seeds Smoothie Recipe: सुबह की हेल्दी शुरुआत करें इस स्मूदी के साथ, है कैल्शियम, प्रोटीन और फाइबर का पावर पैक
चिकन नगेट्स बनाने की विधि-
- सबसे पहले चिकन को अच्छी तरह साफ करके हल्का उबाल लें. इसके बाद चिकन को बारीक पीस लें.
- अब एक बर्तन में चिकन, उबला आलू, गाजर, धनिया पत्ते और अदरक लहसुन पेस्ट डालकर अच्छी तरह मिक्स करें.
- इसमें ओट्स पाउडर, जीरा पाउडर, हल्की काली मिर्च और थोड़ा नमक डालें.
- अब इस मिश्रण को छोटे-छोटे नगेट्स या फिंगर शेप में बना लें.
- इन्हें स्टीम करें या हल्के तेल में तवे पर शैलो कुक कर लें.
- जब नगेट्स बाहर से हल्के क्रिस्पी और अंदर से नरम हो जाएं, तब इन्हें निकाल लें.
बच्चे को देने से पहले इन नगेट्स पर थोड़ा सा घर का बना घी डाल सकते हैं. इससे स्वाद बढ़ता है और बच्चे को अतिरिक्त कैलोरी भी मिलती है. घर पर बने ये चिकन नगेट्स बच्चों के लिए हेल्दी, स्वादिष्ट और पौष्टिक स्नैक हैं.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं