Pachmarhi Green Destinations Bronze: मध्य प्रदेश में रिस्पॉन्सबल (Responsible Tourism) और सस्टेनेबल पर्यटन (Sustainable Tourism) को बढ़ावा देने की पहल का बड़ा परिणाम सामने आया है. जर्मनी के बर्लिन में आयोजित आईटीबी बर्लिन ट्रैवल मार्ट (ITB Berlin Travel Mart) में प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी (Pachmarhi Hill Station) को प्रतिष्ठित ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है. यह पुरस्कार नीदरलैंड की ग्रीन डेस्टिनेशंस फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया जाता है, जिसे ग्लोबल सस्टेनेबल टूरिज्म काउंसिल (GSTC) से मान्यता प्राप्त है. इस उपलब्धि के साथ पचमढ़ी देश का पहला हिल स्टेशन बन गया है, जिसे यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिला है. समारोह में यह प्रमाण-पत्र मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से उज्जैन कमिश्नर (Ujjain Commissioner) आशीष सिंह ने प्राप्त किया.

ITB Berlin Travel Mart: उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह
पचमढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिलेगी पहचान : पर्यटन मंत्री
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दिशानिर्देशन में राज्य का पर्यटन लगातार नई ऊँचाइयाँ छू रहा है. उन्होंने कहा कि पचमढ़ी को मिला यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि राज्य पर्यटन विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय संस्कृति और सतत पर्यटन के सिद्धांतों पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है. इस सर्टिफिकेट से पचमढ़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘सस्टेनेबल टूरिज्म डेस्टिनेशन' के रूप में पहचान मिलेगी, जिससे विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है.

ITB Berlin Travel Mart: हिल स्टेशन पचमढ़ी को मिला 'ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज' सर्टिफिकेट
पचमढ़ी बनेगा देश के लिए मॉडल: प्रबंध संचालक पर्यटन बोर्ड
पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि यह सम्मान पचमढ़ी में किए जा रहे विरासत संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन (Waste Management), ऊर्जा दक्षता और जलवायु संरक्षण जैसे कार्यों की वैश्विक सराहना है. उन्होंने कहा कि अब पचमढ़ी देश के अन्य हिल स्टेशनों और इको-टूरिज्म स्पॉट्स के लिए एक रेप्लिकेबल मॉडल बनकर उभर रहा है. यह मान्यता प्रदेश में ‘रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म' को और मजबूती देगी.
‘ग्रीन डेस्टिनेशंस' क्या है?
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह सर्टिफिकेशन अत्यंत विश्वसनीय माना जाता है.‘ग्रीन डेस्टिनेशंस' दुनिया का एक प्रतिष्ठित प्रमाणन कार्यक्रम है, जो पर्यटन स्थलों को तीन मुख्य स्तंभों पर परखता है :
- आर्थिक स्थिरता
- पर्यावरणीय स्थिरता
- सामाजिक-सांस्कृतिक स्थिरता
कड़े मूल्यांकन के बाद मिला प्रमाणन
पचमढ़ी को यह सम्मान एक विस्तृत और कठोर मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद मिला. इस प्रक्रिया में साइट का परीक्षण 6 प्रमुख श्रेणियों और 75 मापदंडों पर किया गया, जिनमें डेस्टिनेशन मैनेजमेंट, प्रकृति एवं परिदृश्य संरक्षण, जलवायु व पर्यावरण प्रबंधन, संस्कृति-परंपरा, सामाजिक कल्याण और व्यापारिक संचार शामिल थे. पचमढ़ी ने मूल्यांकन में 10 में से 6.5 अंक हासिल किए और 40% GSTC का टारगेट पूरा किया.
पर्यटन बोर्ड के लगातार प्रयासों का परिणाम
मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड पिछले एक वर्ष से इस प्रोजेक्ट पर व्यवस्थित रूप से कार्य कर रहा था. नवंबर 2025 में पचमढ़ी में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. इसके बाद फील्ड सर्वे, डेटा संकलन और दस्तावेजीकरण किया गया. फरवरी 2026 में अंतरराष्ट्रीय ऑडिटर द्वारा ऑन-साइट ऑडिट के बाद पचमढ़ी को ‘ग्रीन डेस्टिनेशंस ब्रॉन्ज' का दर्जा प्राप्त हुआ. यह उपलब्धि न केवल पचमढ़ी बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की पर्यटन छवि को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगी.
यह भी पढ़ें : SATTE 2026: MP ने लगातार दूसरी बार जीता ‘बेस्ट स्टेट टूरिज्म अवॉर्ड'; मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी बधाई
यह भी पढ़ें : MP में कलेक्टर्स पर गिरेगी गाज; CM मोहन यादव की दो टूक, ऑफिस समय पर नहीं पहुंचे तो 6 दिन की वर्किंग
यह भी पढ़ें : International Womens Day 2026: अधिकार, न्याय और कार्यवाही; MP में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर खास इवेंट
यह भी पढ़ें : RTE Admission 2026-27 MP: प्राइवेट स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश, लॉटरी से चयन, इस तारीख तक करें Online आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं