विज्ञापन

राजा-महाराजाओं के रसोइए बनाते थे लहसुन की खीर और गोश्त का हलवा, जानिए 5 अजीबोगरीब शाही डिशेज का इतिहास

इंटरनेट पर वायरल आइसक्रीम समोसा और रसगुल्ला बिरयानी तो कुछ भी नहीं हैं! जानिए अवध और रामपुर के राजा-महाराजाओं के रसोइयों द्वारा बनाई गई लहसुन की खीर, गोश्त और मिर्ची के हलवे जैसी 5 अजीबोगरीब, लेकिन लाजवाब डिशेज के बारे में...

राजा-महाराजाओं के रसोइए बनाते थे लहसुन की खीर और गोश्त का हलवा, जानिए 5 अजीबोगरीब शाही डिशेज का इतिहास
  • अवध के शाही रसोइए फिटकरी के पानी में लहसुन उबालकर 'बेनामी खीर' बनाते थे, जो बिल्कुल बादाम जैसी लगती थी.
  • रामपुर के राजघराने में सब्जियों से 'सब्ज़े मीठा' और मेमने के मांस से 'गोश्त का हलवा' बनाया जाता था.
  • राजस्थान में हरी मिर्च का हलवा और रामपुर में अदरक का हलवा शाही व्यंजनों का एक बेहद खास हिस्सा हुआ करते थे.

Fusion Food Ideas: सोशल मीडिया पर आजकल आइसक्रीम समोसा या न्यूटेला मैगी जैसे अजीबोगरीब फूड्स अक्सर वायरल होते रहते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्यूजन फूड्स बनाने का यह ट्रेंड कोई नया शौक नहीं है? अवध, रामपुर और राजस्थान के शाही रसोइयों ने सदियों पहले ही लहसुन की खीर और गोश्त के हलवे जैसी 5 अनोखी डिशेज बनाकर 'फ्यूजन कुकिंग' में महारत हासिल कर ली थी. आज के वायरल ट्रेंड्स में एक बात आम है- किसी नमकीन डिश को डेजर्ट के साथ मिला देना, जो स्वाद में एकदम बेकार होते हैं. लेकिन प्राचीन भारत के शाही रसोइयों ने नमकीन डिशेज और डेजर्ट का ऐसा गजब का बैलेंस बनाया था, जो हैरान करने वाला है. आइए, आपको पुराने समय के उन 5 बेजोड़ फूड कॉम्बिनेशन्स के बारे में बताते हैं, जो स्वाद के मामले में मास्टरपीस हैं...

1. बेनामी खीर

अवधी खानपान अपने बेहतरीन और खास स्वाद के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है. 'बेनामी खीर' उनके इसी हुनर और सीक्रेट का सबसे बड़ा उदाहरण है. इस खीर की रेसिपी जानने वाले लोग कभी इसके मुख्य इंग्रेडिएंट का नाम नहीं बताते थे, जो कि 'लहसुन' था. अगर लोगों को पता चल जाता, तो कोई लहसुन की खीर क्यों खाता? इसलिए इसे 'बेनामी खीर' यानी बिना नाम वाली खीर कहा गया. शाही शेफ पहले फिटकरी के पानी में लहसुन को उबालकर उसका तीखापन और महक खत्म कर देते थे. फिर इसे दूध में घंटों तक पकाया जाता था, जिससे यह एकदम क्रीमी हो जाती थी. आखिर में इसके ऊपर बिना महक वाले लहसुन के बारीक टुकड़े डाले जाते थे, जो बिल्कुल बादाम जैसे लगते थे.

2. अदरक का हलवा

रामपुर के शाही किचन से निकला 'अदरक का हलवा' भी एक कमाल की डिश है. कहा जाता है कि नवाब खान को एक बीमारी के इलाज के लिए अदरक खाने की सलाह दी गई थी. लेकिन नवाब को अदरक का तीखा स्वाद बिल्कुल पसंद नहीं था और वो इसे खाने से मना कर देते थे. तब शाही खानसामों ने इसका एक जुगाड़ निकाला. उन्होंने कद्दूकस किए हुए अदरक, चीनी, दूध और देसी घी को 3 घंटे से ज्यादा पकाया. इस क्रीमी हलवे में जाफरान और चिरौंजी मिलाई गई, जिससे न सिर्फ इसका टेक्सचर बेहतरीन हुआ बल्कि अदरक की महक भी शानदार खुशबू में बदल गई. नवाब को यह हलवा इतना पसंद आया कि इसे तुरंत शाही व्यंजनों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया.

ये भी पढ़ें:- कड़ाही में बना 3,000 किलो नागपुरी तरी पोहा, जानिए क्यों इतना खास है नागपुर का यह स्टैपल फूड

3. सब्जे मीठा

अगर आपको चुकंदर, कद्दू, गाजर और लौकी जैसी सब्जियां एक साथ दे दी जाएं, तो आप क्या बनाएंगे? जाहिर है कोई सब्जी या करी! लेकिन रामपुर के खानसामों ने कुछ और ही सोचा. यूपी के रामपुरी कुजीन की इस शानदार डिश में इन सब्जियों का इस्तेमाल किसी नमकीन चीज के लिए नहीं, बल्कि 'सब्ज़े मीठा' नाम का एक पारंपरिक डेजर्ट बनाने के लिए किया गया. इस डिश में कटी हुई सब्जियों को दूध, मावा और ड्राई फ्रूट्स के साथ पकाया जाता है, जो इसे एक बेहतरीन मीठा स्वाद देता है.

4. गोश्त का हलवा

रामपुर का ही एक और अनोखा डेजर्ट है- गोश्त का हलवा. अगर आप नॉन-वेज के शौकीन हैं, तो यह धीमी आंच पर पकने वाला हलवा आपके लिए किसी फैंटेसी से कम नहीं है. इसे कुटे हुए मेमने के मांस, चीनी, दूध और खोया के साथ बनाया जाता है. इसका स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें इलायची, केसर और गुलाब जल जैसे खुशबूदार मसाले डाले जाते हैं. यह एक शाही डिश है, जिसका एक चम्मच मुंह में जाते ही पिघल जाता है और एक गजब का स्वाद छोड़ जाता है.

5. मिर्ची का हलवा

हम सब जानते हैं कि डेजर्ट का मतलब मीठा होता है. लेकिन राजस्थान और रामपुर में खाए जाने वाले इस डेजर्ट ने सारे नियम तोड़ दिए. इसमें हलवा बनाने के लिए 'हरी मिर्च' का इस्तेमाल किया जाता है. सुनकर अजीब लगा ना? इसे बनाने के लिए पहले हरी मिर्च को फिटकरी के पानी में उबाला जाता है और फिर उसका पेस्ट बनाया जाता है. इसके बाद इस पेस्ट को घी, खोया, चीनी, सूजी और हरी इलायची के साथ पकाया जाता है. दलिया जैसी कंसिस्टेंसी वाला यह मीठा और तीखा हलवा सच में लाजवाब होता है.

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

ये भी पढ़ें:- चारों तरफ कोहरा और झरनों के बीच से गुजरता रास्ता! मानसून में 'जन्नत' का अहसास कराती हैं भारत की ये 6 रोड ट्रिप्स
 

लेखक के बारे में
img
पुलकित मित्तल
सीनियर सब एडिटर
पुलकित मित्तल एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो वर्तमान में NDTV में सीनियर सब-एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और नोएडा हेडक्वार्टर से जुड़ी खबरों पर गहरी नजर रख... और पढ़ें
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fusion Foods, Gosht Ka Halwa, Adrak Ka Halwa, Mirchi Ka Halwa, Food News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com