आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, खराब खानपान और बढ़ते प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर हमारे बालों पर पड़ता है. बाल झड़ना (Hair Fall), बेजान होना, जड़ें कमजोर होना और नाखूनों का टूटना आज के समय में एक आम समस्या है. जब भी बाल झड़ने लगते हैं, हम तुरंत महंगे शैम्पू, सीरम या फिर बाजार में मिलने वाले बायोटिन सप्लीमेंट्स की तरफ भागते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बालों की सेहत का राज आपके किचन में छुपा है?
सेलिब्रिटी कोच ल्यूक कौटिन्हो कहते हैं कि बालों का झड़ना या उनका बेजान होना इस बात का इशारा है कि हमारे शरीर को अंदर से पूरा पोषण नहीं मिल पा रहा है. ल्यूक हमेशा से ही झटपट मिलने वाले शॉर्टकट के बजाय असली खाने और घरेलू नुस्खों पर भरोसा करने की सलाह देते हैं.
बायोटिन शब्द आज का एक बड़ा मार्केटिंग ट्रेंड बन चुका है, लेकिन ल्यूक याद दिलाते हैं कि हमारी दादी-नानी इस नाम को जाने बिना भी सालों से तिल, मखाना, ड्राई फ्रूट्स, घी और खजूर जैसी चीजों का इस्तेमाल करके हमारे शरीर को अंदर से मजबूत बनाती आ रही हैं. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की रेसिपी
कैसे बनाएं नैचुरल बायोटिन बाइट्स रेसिपी- (How To Make Natural Biotin Bites Recipe)
सामग्री-
यह रेसिपी 8 से 10 बाइट्स बनाने के लिए है और इसे तैयार करने में सिर्फ 10 मिनट का समय लगता है-
- सफेद/काले तिल: 2 छोटे चम्मच
- अलसी के बीज: 2 छोटे चम्मच
- कद्दू के बीज: 1 छोटा चम्मच
- सूरजमुखी के बीज: 1 छोटा चम्मच
- मखाना: 1 कप
- बादाम: 6 से 8
- अखरोट: जरूरत के अनुसार
- कोको पाउडर: 1 छोटा चम्मच
- नारियल का बूरा या फ्लेक्स: 2 छोटे चम्मच
- खजूर: 4 से 5 (या 2 छोटा चम्मच गुड़)
- घी: 1 से 2 छोटे चम्मच
विधि-
सबसे पहले तिल, कद्दू के बीज और सूरजमुखी के बीजों को 4 से 6 घंटे या रातभर के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी छानकर इन्हें अच्छी तरह सुखा लें. अलसी के बीजों को न तो भिगोना है और न ही भूनना है. अब भीगे और सुखाए हुए बीजों को मखाने के साथ हल्का सा भून लें. इसके बाद इन सभी बीजों, ड्राई फ्रूट्स और मखाने को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें. अब इसमें खजूर या गुड़ डालें और एक बार फिर मिक्सी चलाकर मिक्स कर लें. इस मिक्चर में कोको पाउडर और नारियल के फ्लेक्स मिलाएं. आखिर में बाइंडिंग के लिए घी डालें और अच्छी तरह मिला लें. अब इस मिक्चर से छोटे-छोटे लड्डू या बाइट्स का शेप तैयार कर लें. आपकी नैचुरल बायोटिन बाइट्स तैयार हैं.
जरूरी टिप्स और बदलाव-
- शरीर में बेहतर एब्जॉर्प्शन के लिए अलसी के बीजों को हमेशा पीसकर ही इस्तेमाल करें.
- आप चाहें तो खजूर की जगह अंजीर या किशमिश ले सकते हैं.
- बादाम की जगह काजू और घी की जगह नारियल तेल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
- इन्हें आप किसी एयरटाइट डिब्बे में 5 से 7 दिनों तक आराम से स्टोर करके रख सकते हैं.
एक बाइट से मिलने वाले न्यूट्रिशन-
कैलोरी: 110 kcal, प्रोटीन: 3 ग्राम, कार्बोहाइड्रेट: 10 ग्राम, फाइबर: 3 ग्राम, फैट्स: 8 ग्राम.
बालों के लिए क्यों है फायदेमंद?
यह शरीर में कुदरती रूप से बायोटिन बनाने में मदद करता है.
बालों का झड़ना कम होता है और बाल जड़ों से मजबूत बनते हैं.
इससे बालों का टेक्सचर सुधरता है और उनमें एक नैचुरल चमक आती है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: डोसा हो या पराठा, हर डिश के साथ फिट बैठेगा आंध्र प्रदेश का स्पेशल गुंटूर टमाटर अचार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं