विज्ञापन

सफेद बालों को रोकने और हेयर ग्रोथ को बढ़ाने के लिए क्या खाएं? न्यूट्रिशनिस्ट से जान लें

न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या कौर बताती हैं, आपके खानपान का भी आपके बालों पर सीधा असर पड़ता है. कई बार डाइट में सुधार कर बालों से जुड़ी परेशानियों को काफी हद तक ठीक किया जा सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं बालों से जुड़ी किस परेशानी में किस तरह की डाइट लेनी चाहिए.

सफेद बालों को रोकने और हेयर ग्रोथ को बढ़ाने के लिए क्या खाएं? न्यूट्रिशनिस्ट से जान लें
हेल्दी हेयर के लिए कैसी रखें डाइट?
(P.C- NDTV)

हर कोई चाहता है कि उसके बाल लंबे, घने और मजबूत हों. लेकिन आजकल कम उम्र में ही बाल झड़ना, जल्दी सफेद होना और बालों का पतला होना बहुत आम हो गया है. ज्यादातर लोग इन समस्याओं को दूर करने के लिए महंगे शैंपू, हेयर सीरम और प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन कई बार बालों की परेशानी सिर्फ बाहर की नहीं होती, बल्कि शरीर के अंदर किसी पोषक तत्व की कमी, ज्यादा तनाव या खराब खानपान का संकेत भी हो सकती है. इसी कड़ी में न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या कौर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. इस पोस्ट में उन्होंने बताया है कि अगर बालों की समस्या बार-बार हो रही है, तो सिर्फ हेयर प्रोडक्ट्स बदलने से काम नहीं चलेगा. आपको अपनी डाइट पर भी ध्यान देना होगा. सही खाना खाने से बालों को अंदर से पोषण मिलता है, जिससे वे मजबूत और हेल्दी बन सकते हैं. आइए एक्सपर्ट से जानते हैं बालों से जुड़ी किस परेशानी को आप किस तरह की डाइट से कम कर सकते हैं. 

कम उम्र में बाल सफेद हो रहे हैं तो क्या खाएं?

न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, अगर कम उम्र में आपके बाल सफेद होने लगे हैं, तो यह शरीर में बी विटामिन की कमी का संकेत हो सकता है. ऐसे में रोज की डाइट में दाल, बादाम, शकरकंद और ओट्स जैसी चीजें शामिल करें. ये शरीर को जरूरी पोषक तत्व देते हैं और बालों की अच्छी सेहत बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.

अचानक बाल झड़ रहे हैं तो क्या खाएं?

अगर आपका हेयर फॉल अचानक से बढ़ गया है, तो इसकी वजह तनाव, नींद पूरी न होना या खराब लाइफस्टाइल भी हो सकती है. ऐसे में अपनी डाइट में एवोकाडो, अलसी के बीज, केला और अखरोट जैसी चीजें शामिल करें. इनमें हेल्दी फैट और दूसरे जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो बालों को अंदर से पोषण देने में मदद करते हैं. साथ ही स्ट्रेस को कम करें और 8 से 9 घंटे की भरपूर नींद लें.

बालों की ग्रोथ बढ़ाने के लिए क्या खाएं?

अगर आपके बालों की ग्रोथ एक जगह आकर रुक गई है, तो हो सकता है कि शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिल रहा हो. बालों की ग्रोथ के लिए प्रोटीन सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक है. इसके लिए बादाम, चना, दही और अंडे जैसी चीजें रोज की डाइट में शामिल करें. इससे बालों को बढ़ने के लिए जरूरी पोषण मिल सकता है.

बाल पतले हो रहे हैं तो इन चीजों को खाएं

अगर बाल पहले से पतले हो गए हैं, तो इसकी एक वजह आयरन की कमी भी हो सकती है. ऐसे में खजूर, कद्दू के बीज, पालक और अनार जैसी चीजें खानी चाहिए. ये आयरन से भरपूर होती हैं और शरीर में आयरन की कमी को पूरा करने में मदद कर सकती हैं.

सिर्फ खाना ही नहीं, ये आदतें भी हैं जरूरी

दिव्या कौर के मुताबिक, ये तमाम फूड बालों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचाते हैं. हालांकि, इनसे आपको एक ही दिन में नतीजे नहीं मिलेंगे. अच्छे और मजबूत बाल पाने के लिए रोज संतुलित और पौष्टिक खाना खाना, भरपूर पानी पीना, 7-8 घंटे की अच्छी नींद लेना और तनाव को कम करना भी बहुत जरूरी है. वहीं, अगर बालों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है या बहुत ज्यादा बढ़ रही है, तो इस कंडीशन में डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट से सलाह लेना जरूरी है. 

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.

यह भी पढ़ें- टीनएजर को स्किन केयर करना चाहिए या नहीं? डर्मेटोलॉजिस्ट ने बताया इस उम्र में क्या है सबसे बेस्ट रूटीन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hair Care, Beauty, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com