यह ख़बर 31 जनवरी, 2014 को प्रकाशित हुई थी

प्रियंका चोपड़ा मेरी रोल मॉडल नहीं : परिणीति

प्रियंका (दाएं) व परिणीति का फाइल चित्र

नई दिल्ली:

वर्ष 2011 में फिल्म 'लेडीज़ वर्सेज़ रिकी बहल' से बॉलीवुड में कदम रखने के बाद वर्ष 2012 में 'इशकजादे' और वर्ष 2013 में 'शुद्ध देसी रोमांस' से लोकप्रिय होने वाली अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने फैशन पत्रिका 'वोग इंडिया' को दिए एक साक्षात्कार में कहा है कि उन्हें अपनी चचेरी बहन, पूर्व मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा से मदद ज़रूर मिली है, लेकिन वह उनकी रोल मॉडल नहीं हैं।

बॉलीवुड दर्शकों के बीच अपने चुलबुले किरदारों के लिए मशहूर परिणीति चोपड़ा ने साफ कहा कि वह प्रियंका चोपड़ा का अनुकरण नहीं करना चाहतीं। 'वोग इंडिया' के फरवरी संस्करण के कवर पेज पर दिखने जा रहीं परिणीति चोपड़ा ने कहा, "वह (प्रियंका चोपड़ा) मेरी रोल मॉडल नहीं हैं... वास्तव में कोई भी मेरा रोल मॉडल नहीं है... इस पेशे में आप किसी और जैसा करियर पाने का लक्ष्य नहीं रख सकते..."

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2000 में मिस वर्ल्ड चुने जाने के बाद प्रियंका चोपड़ा ने वर्ष 2003 में फिल्म 'अंदाज़' से बॉलीवुड करियर का आगाज़ किया था। उसके बाद 11 साल में 'ऐतराज़', 'फैशन', कमीने', 'सात खून माफ', 'बर्फी', 'डॉन', और 'कृष 3' जैसी सफल फिल्में पेश करने वाली प्रियंका चोपड़ा के बारे में परिणीति चोपड़ा ने कहा, "उन्होंने (प्रियंका चोपड़ा ने) मेरी मदद तब की, जब मैं संशय में रही... मैं उन्हें फोन कर सकती हूं और उनके पास हमेशा सही जवाब होते हैं..."