चार्ल्स शोभराज पर फ्रेंच, अंग्रेज़ी में भी बनेगी फिल्म, रणदीप हुड्डा ही बनेंगे चार्ल्स

चार्ल्स शोभराज पर फ्रेंच, अंग्रेज़ी में भी बनेगी फिल्म, रणदीप हुड्डा ही बनेंगे चार्ल्स

फिल्म 'मैं और चार्ल्स' के एक दृश्य में रणदीप हुड्डा

मुंबई:

आमतौर पर सफल या समीक्षकों द्वारा सराही जाने वाली फिल्मों के सीक्वेल या रीमेक बनाए जाते हैं, मगर कुख्यात अपराधी चार्ल्स शोभराज की ज़िन्दगी से प्रेरित होकर बनाई गई और पिछले हफ्ते रिलीज़ हुई फिल्म 'मैं और चार्ल्स' को न सफलता मिली है और न समीक्षकों की वाहवाही, फिर भी फिल्म दोबारा बनने जा रही है।

फिल्म 'मैं और चार्ल्स' में रणदीप हुड्डा ने चार्ल्स शोभराज की भूमिका निभाई है और इसके निर्देशक प्रवाल रमन हैं। अब ख़बर है कि चार्ल्स शोभराज की ज़िन्दगी पर बनने जा रही इस दूसरी फिल्म में भी शोभराज की भूमिका रणदीप ही निभाएंगे और इसके निर्देशन की बागडोर भी प्रवाल के पास ही रहेगी। फर्क सिर्फ इतना होगा कि इस बार यह फिल्म फ्रेंच और अंग्रेज़ी भाषाओं में बनाई जाएगी।

बताया जा रहा है कि एक फ्रेंच फिल्म निर्माता ने शोभराज की ज़िन्दगी को फ्रेंच और अंग्रेज़ी में दोबारा रुपहले पर्दे पर उतारने के लिए प्रवाल रमन से संपर्क किया है। इस नई फिल्म की कहानी में भी बदलाव किया जाएगा। हिन्दी में बनी फिल्म चार्ल्स शोभराज के दिल्ली की तिहाड़ जेल से भागने की घटना पर केंद्रित थी, लेकिन इस बार चार्ल्स की पूरी ज़िन्दगी दिखाई जाएगी, यानी नई फिल्म चार्ल्स शोभराज की बायोपिक होगी।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

ख़बर है कि 'मैं और चार्ल्स' बनाने के लिए प्रवाल रमन ने चार्ल्स शोभराज को लेकर काफी रिसर्च की थी, इसीलिए फ्रेंच निर्माता ने प्रवाल को ही यह ज़िम्मेदारी सौंपी है।