विज्ञापन
This Article is From Jul 13, 2017

मीडिया पर भड़के नवाजुद्दीन सिद्दीकी बोले- बड़े सितारों के किरदारों पर सवाल क्यों नहीं करते...

मीडिया के एक सवाल पर भड़कते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी बोले- "इस इंडस्ट्री के बहुत सारे सितारों ने 30-30 फिल्मों में एक जैसे किरदार निभाए हैं, तब उनसे आप सवाल नहीं पूछते. हमने 3 मिलते-जुलते रोल किए तो आप सवाल कर रहे हैं."

मीडिया पर भड़के नवाजुद्दीन सिद्दीकी बोले- बड़े सितारों के किरदारों पर सवाल क्यों नहीं करते...
कुषाण नंदी निर्देशित 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' 25 अगस्त को रिलीज होगी.
  • तीसरी बार गैंगस्टर बनने वाले सवाल पर भड़के नवाजुद्दीन सिद्दीकी
  • '...वासेपुर', 'मुन्ना माइकल' के बाद 'बाबूमोशाय..' में गैंगस्टर बने नवाज़
  • मेरे शराफ़त वाले रोल नहीं बस 3 गैंगस्टर वाली भूमिका याद है : नवाज़
नई दिल्ली: नवाजुद्दीन सिद्दीकी अपनी आने वाली फिल्म 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' के प्रचार में लग गए हैं. इस फिल्म में नवाज़ एक गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं जो सुपारी लेकर हत्या करता है. फिल्म 'बाबूमोशाय  बंदूकबाज' के ट्रेलर लॉन्च पर नवाज़ ने पत्रकारों से कहा कि फिल्म में उनके कुछ गैंगस्टर के किरदारों पर सवाल क्यों जबकि बड़े सितारे 30-30 बार एक ही तरह की भूमिका निभाते हैं. दरअसल, नवाज़ 'बाबूमोशाय  बंदूकबाज' से पहले फिल्म 'गैंग्स ऑफ़ वासेपुर' में गैंगस्टर बने थे. फिल्म 'मुन्ना माइकल' में भी उनका किरदार गैंगस्टर जैसा ही है और यही सवाल हुआ 'बाबूमोशाय  बंदूकबाज' के प्रमोशनल इवेंट पर कि आप तीसरी बार गैंगस्टर का रोल निभा रहे हैं.

ये सवाल शायद नवाज़ को अच्छा नहीं लगा और मीडिया पर भड़कते हुए नवाज़ बोले, "आपके मुताबिक मैं तीसरी बार गैंगस्टर बना हूं जबकि 'मुन्ना माइकल' का किरदार वैसा नहीं है फिर भी अगर आपकी मानें तो तीन ही ऐसी फिल्में की हैं, जिसमें मैं गैंगस्टर बना हूं. इस इंडस्ट्री के बहुत सारे सितारों ने 30-30 फिल्मों में एक जैसे किरदार निभाए हैं, तब उनसे आप सवाल नहीं पूछते. हमने 3 मिलते-जुलते रोल किए तो आप सवाल कर रहे हैं."
नवाज़ ने आगे अपने मुख़्तलिफ़ किरदारों के बारे में भी गिनती कराई और हंसते हुए कहा, "मैंने शराफ़त वाले रोल भी काफी किए हैं. अभी रिलीज़ हुई फिल्म 'मॉम' के किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है. मैंने 'फ़्रीकी अली' की है. मैंने 'मांझी: द माउंटेन मैन' भी किया है. 'लंच बॉक्स' भी मेरी फिल्म है. आपको ये किरदार याद नहीं है. बस 3 गैंगस्टर वाली भूमिका याद है."

देखें, 'बाबूमोशाय बंदूकबाज' का ट्रेलर


बता दें, नवाजुद्दीन के अलावा 'बाबुमोशाय बंदूकबाज' में दिव्या दत्ता, बिदिता बाग, मुरली शर्मा, जतिन गोस्वामी, श्रद्धा दास, अनिल जॉर्ज, जीतू शिवारे और भगवान तिवारी जैसे सितारे प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे. कुषाण नंदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 25 अगस्त को रिलीज होगी.

देखें, हालिया फिल्म 'मॉम' के लिए श्रीदेवी, नवाजुद्दीन सिद्दीकी और अक्षय खन्ना का इंटरव्यू...

...और भी हैं बॉलीवुड से जुड़ी ढेरों ख़बरें...
लेखक के बारे में
img
इकबाल परवेज़
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nawazuddin Siddhiqui, Babumoshai Bandookbaaz, Nawazuddin Siddhiqui Babumoshai Bandookbaaz, Babumoshai Bandookbaaz Trailer, Mom, Gangs Of Wasseypur, Munna Michael
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com