फिल्‍म रिव्‍यू : स्टार में दम पर मनोरंजन कम, ऐसी है 'दिल धड़कने दो'!

फिल्‍म रिव्‍यू : स्टार में दम पर मनोरंजन कम, ऐसी है 'दिल धड़कने दो'!

मुंबई:

फ़िल्म - 'दिल धड़कने दो'
निर्देशक - ज़ोया अख्‍़तर
सितारे - अनिल कपूर, रणवीर सिंह, फरहान अख्‍तर, अनुष्‍का शर्मा, प्रियंका चोपड़ा, शेफाली शाह
रेटिंग- 2.5*

इस शुक्रवार रिलीज़ हुई है मल्टी स्टारर फिल्‍म 'दिल धड़कने दो'। इसका निर्देशन किया है ज़ोया अख़्तर ने। फ़िल्म में आपको नज़र आएंगे अनिल कपूर, फ़रहान अख़्तर, प्रियंका चोपड़ा, रणवीर सिंह, अनुष्का शर्मा, ज़रीना वहाव, राहुल बोस और शेफ़ाली शाह।

फ़िल्म एक मेहरा परिवार की की कहानी है जिनके बीच का रिश्ता बिलकुल हाथी के दांत की तरह है, यानी खाने के कुछ और दिखाने के कुछ और। अपने कारोबार को बचाने के लिए कमल मेहरा यानी अनिल कपूर अपने दोस्तों और परिवार को आमंत्रित करते हैं एक क्रूज़ पर जहां उनकी मंशा रिश्ते की आड़ में अपने बिज़नेस को फ़ायदा पहुंचाने की है। कहानी के बारे में यहीं तक बताना ठीक रहेगा। बाक़ी आगे की स्टोरी जानने के लिए आप सिनेमाघर जाएं।

बात फ़िल्म की ख़ामियों और खूबियों की
फ़िल्म की स्क्रिप्टिंग कमज़ोर है। ये रिश्तों, जज़्बातों की कहानी है जो सिर्फ़ इशारों इशारों में सिमट जाती है, दिल तक नहीं पहुंचती। ये फ़िल्म देखना मतलब मेरे लिए फीका खाना खाने जैसा रहा।

फ़िल्म मल्टीस्टारर है जिसके कारण इसमें स्टार पावर तो है पर एक साथ चलती कई क़िरदारों की कहानियां आपको भटका सकती हैं। फ़िल्म का संगीत शायद आपको ख़ास प्रभावित ना करे सिवाए टाइटल सॉन्ग के। कहानी में नयापन नहीं है। कहानी कई जगह कमज़ोर पड़ती है पर शायद स्टार पावर आपको पर्दे पर नज़र बनाए रखने की हिम्मत दे इस उम्मीद के साथ कि कब कोई नया और अच्छा मोड़ आपको लुभाए।

ये थीं ख़ामियां, अब बात खूबियों की। खूबियों में सबसे पहले प्रियंका और रणवीर का ज़िक्र ज़रूरी है। इनका अभिनय सराहनीय रहा। रणवीर अपनी एनर्जी को समेटे पर्दे पर सहज एक्टिंग करते नज़र आते हैं। वहीं प्रियंका अपनी इमेज के विपरीत अभिनय करती नज़र आती हैं जिसमें वो काफ़ी सफल रहीं। कई जगह उन्होंने चेहरे के हाव भाव से जज़्बातों को बखूबी बयां किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

वहीं शेफ़ाली शाह ने भी बेहतरीन अभिनय किया है। ज़रीना वहाव और शेफ़ाली शाह भी पर्दे पर अपनी मौजूदगी बखूबी दर्ज करती नज़र आती हैं। फ़िल्म में कई जगह इस्तेमाल किए गए वन लाइनर्स आपको हंसा सकते हैं। क्रूज़ पर फ़िल्माए गए कुछ दृश्य आपको आकर्षित करेंगे। मेरी ओर से इस फ़िल्म को 2.5 स्टार्स।