Second Chandra Grahan 2026: साल 2026 में खगोलीय घटनाओं को देखने वालों के लिए अगस्त का महीना काफी दिलचस्प रहने वाला है. साल का दूसरा चंद्रग्रहण 28 अगस्त 2026 को लगने जा रहा है. खास बात ये है कि ये ग्रहण सावन मास की पूर्णिमा के दिन पड़ेगा. हालांकि भारत में रहने वाले लोगों को ये नजारा देखने का मौका नहीं मिलेगा, क्योंकि ग्रहण यहां दिखाई नहीं देगा. इसके बावजूद दुनिया के कई हिस्सों में आसमान में चंद्रमा का बदला हुआ रंग लोगों को आकर्षित करेगा. यही वजह है कि इस चंद्रग्रहण को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है. कई लोग ये भी जानना चाहते हैं कि इसके बाद अगला पूर्ण चंद्रग्रहण कब लगेगा और किन देशों में दिखाई देगा.
28 अगस्त को लगेगा साल का दूसरा चंद्रग्रहण
जानकारी के अनुसार 28 अगस्त 2026 को लगने वाला चंद्रग्रहण उपच्छाया चंद्रग्रहण की श्रेणी में आएगा. ये ग्रहण श्रावण शुक्ल पक्ष पूर्णिमा के दिन होगा. भारत में ग्रहण दिखाई नहीं देने के कारण इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार सूतक वहीं माना जाता है, जहां ग्रहण दिखाई देता है.
यह भी पढ़ें: 6 मिनट 23 सेकेंड तक दिन में छाएगा अंधेरा, 2027 में दिखेगा सदी का सबसे लंबा सूर्यग्रहण, 100 साल में पहली बार दिखेगा ऐसा नजारा
क्यों कहा जा रहा है ब्लड मून?
हालांकि ये पूर्ण चंद्रग्रहण नहीं होगा, लेकिन चंद्रमा गहरे लाल रंग का नजर आ सकता है. इसी वजह से इसे ब्लड मून कहा जा रहा है. ग्रहण की कुल अवधि लगभग तीन घंटे रहने की बात कही जा रही है. नासा के अनुसार ये खगोलीय घटना प्रशांत क्षेत्र, अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका के कई हिस्सों में देखी जा सकेगी.

भारत में क्या रहेगा असर?
भारत में ग्रहण दिखाई नहीं देने की वजह से इसका धार्मिक महत्व नहीं माना जाएगा. ऐसे में लोगों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है. मंदिरों के बंद होने या सूतक से जुड़े नियम भी लागू नहीं होंगे. हालांकि खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोग इस घटना पर नजर बनाए रखेंगे.
अगला पूर्ण चंद्रग्रहण कब होगा?
अगर आप पूर्ण चंद्रग्रहण देखने का इंतजार कर रहे हैं तो ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. अगला पूर्ण चंद्रग्रहण 31 दिसंबर 2028 को लगेगा. ये करीब 71 मिनट तक दिखाई देगा. इसके अलावा 20 फरवरी 2027, 18 जुलाई 2027, 17 अगस्त 2027, 12 जनवरी 2028 और 6 जुलाई 2028 को भी अलग-अलग प्रकार के चंद्रग्रहण लगेंगे, जो दुनिया के विभिन्न हिस्सों में देखे जा सकेंगे.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं