सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है. इस दौरान जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और व्रत के साथ दान-पुण्य का भी विशेष महत्व बताया गया है. ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय ने बताया कि सावन में श्रद्धा से किया गया दान कई गुना अधिक फल देता है. इससे ग्रह दोष शांत होते हैं, जीवन की परेशानियां कम होती हैं और भगवान शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है.
सावन में दान का क्यों है खास महत्व
ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि सावन में भगवान शिव अपने भक्तों की प्रार्थना जल्दी सुनते हैं. इस महीने जरूरतमंदों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और सुख-समृद्धि के रास्ते खुलते हैं.
चावल, चीनी और सफेद वस्त्र का करें दान
उन्होंने बताया कि अगर मानसिक तनाव, बेचैनी या नींद की समस्या रहती है तो सावन में चावल, चीनी और सफेद कपड़े का दान शुभ माना जाता है. इससे मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलने की मान्यता है.
हरी चीजों का दान दिलाएगा तरक्की
उन्होंने आगे कहा कि साबुत मूंग, हरी सब्जियां और हरे फलों का दान बुध ग्रह को मजबूत करने वाला माना जाता है. इससे पढ़ाई, नौकरी और व्यापार में अच्छे अवसर मिलने की मान्यता है.
यह भी पढ़ें: Bhadli Navami 2026: आज है भड़ली नवमी, जान लीजिए पूजा का शुभ मुहूर्त और महत्व
काले तिल और नमक का दान भी शुभ
शनि से जुड़ी परेशानियों को कम करने के लिए काले तिल, काली उड़द, छाता, कंबल या नमक का दान किया जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार इससे जीवन में स्थिरता और आर्थिक मजबूती आती है.
दान करते समय रखें ये बात याद
दान हमेशा श्रद्धा और निस्वार्थ भाव से करें. जरूरतमंद या योग्य व्यक्ति को दान देने के बाद भगवान शिव का स्मरण करें और 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करें. मान्यता है कि इससे भोलेनाथ की कृपा बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: Bhadli Navami 2026: ज्योतिषाचार्य से जानें आज भड़ली नवमी पर सगाई से लेकर शादी तक कौन-कौन से होंगे मंगल कार्य?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं