Home Or Temple Rudrabhishek : सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है. इस दौरान भक्त जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजा-अर्चना कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करने का कोशिश करते हैं. माना जाता है कि सावन में श्रद्धा और विधि-विधान से किया गया रुद्राभिषेक जीवन की अनेक बाधाओं को दूर कर सुख, समृद्धि और मानसिक शांति प्रदान करता है. लेकिन हर साल एक सवाल लोगों के मन में जरूर उठता है कि क्या रुद्राभिषेक घर पर करना ज्यादा फलदायी है या मंदिर में? क्या दोनों का फल समान होता है या शास्त्रों में किसी एक स्थान को श्रेष्ठ बताया गया है? आइए जानते हैं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसका जवाब.
रुद्राभिषेक क्यों माना जाता है इतना महत्वपूर्ण?
रुद्राभिषेक भगवान शिव को समर्पित सबसे शक्तिशाली वैदिक अनुष्ठानों में से एक माना जाता है. इसमें शिवलिंग का जल, दूध, दही, घी, शहद, गंगाजल और दूसरी पवित्र सामग्री से अभिषेक किया जाता है. इसके साथ ही रुद्रसूक्त, महामृत्युंजय मंत्र और दूसरे वैदिक मंत्रों का जाप किया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि इस पूजा से ग्रह दोष शांत होते हैं, नेगेटिव एनर्जी दूर होती है और व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है. सावन में किया गया रुद्राभिषेक विशेष रूप से शुभ माना जाता है क्योंकि यह महीना खुद भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है.
घर पर रुद्राभिषेक करने से क्या मिलता है फल?
अगर किसी कारणवश आप मंदिर या तीर्थस्थल नहीं जा सकते, तो घर पर भी पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया जा सकता है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, मिट्टी से बने शिवलिंग या नर्मदेश्वर शिवलिंग की स्थापना कर पूजा करने से भी विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है. घर पर किया गया रुद्राभिषेक परिवार में सुख-शांति, पॉजिटिव एनर्जी और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायक माना जाता है. इसके साथ ही यह गृह क्लेश, बाधाओं और नेगेटिव प्रभावों को कम करने वाला भी माना जाता है.
मंदिरों और तीर्थस्थल में रुद्राभिषेक का विशेष महत्व
धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, किसी प्राचीन शिव मंदिर, तीर्थस्थल या विशेष रूप से गंगा तट स्थित शिवालय में किया गया रुद्राभिषेक अधिक पुण्यदायी माना जाता है. ब्रह्ममुहूर्त में शांत वातावरण में शिवलिंग का अभिषेक करने से आध्यात्मिक लाभ कई गुना बढ़ जाते हैं. ऐसी मान्यता भी है कि प्राकृतिक शिवलिंग या स्वयंभू शिवलिंग के सामने किया गया रुद्राभिषेक विशेष फल प्रदान करता है और साधक की मनोकामनाओं को पूरा करता है.
ज्योतिर्लिंग में रुद्राभिषेक को क्यों माना जाता है सर्वोत्तम?
शिवपुराण और दूसरे धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 12 ज्योतिर्लिंगों में किया गया रुद्राभिषेक सबसे श्रेष्ठ और कोटि-गुना फल देने वाला माना गया है. मान्यता है कि इन पवित्र स्थलों पर भगवान शिव जागृत स्वरूप में विराजमान हैं, इसलिए यहां किया गया अभिषेक विशेष कृपा का कारण बनता है. कहा जाता है कि ज्योतिर्लिंग में रुद्राभिषेक करने से जीवन के बड़े से बड़े संकट दूर होते हैं, आर्थिक उन्नति के मार्ग खुलते हैं और भक्त को आध्यात्मिक उन्नति का भी लाभ मिलता है.
आखिर सबसे ज्यादा फल कहां मिलता है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार स्थान का अपना महत्व जरूर है, लेकिन सबसे बड़ा महत्व श्रद्धा और भक्ति का होता है. अगर कोई व्यक्ति निष्काम भाव, सच्ची आस्था और सही विधि से रुद्राभिषेक करता है, तो भगवान शिव उसकी पूजा अवश्य स्वीकार करते हैं, चाहे वह घर पर हो, किसी शिवालय में या फिर ज्योतिर्लिंग में.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: Kamika Ekadashi 2026: कामिका एकादशी का व्रत आज, इस विधि से करें भगवान विष्णु की पूजा, जान लें शुभ मुहूर्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं