विज्ञापन

Rath Yatra 2026: किस रथ में निकलते हैं भगवान जगन्नाथ? जानें रथ यात्रा में खींचे जाने वाले तीनों रथों का बड़ा राज

Jagannath Rath Yatra 2026: ओडिशा के पुरी में निकलने वाली विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा में जिन तीन रथों को खींचने पर जीवन के समस्त पापों से मुक्ति और कामनाओं की पूर्ति होती है, उनका धार्मिक महत्व क्या है? भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ से जुड़े राज को जानने के लिए जरूर पढ़ें ये लेख. 

Rath Yatra 2026: किस रथ में निकलते हैं भगवान जगन्नाथ? जानें रथ यात्रा में खींचे जाने वाले तीनों रथों का बड़ा राज
Significance of Rath Yatra: भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के रथ का इतिहास
NDTV

Interesting facts on Puri Jagannath Rath Yatra: प्राचीन सप्तपुरियों में से एक पुरी नगरी में हर साल आषाढ़ मास के शुक्लपक्ष की द्वितीया पर सारे जगत के नाथ कहलाने वाले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकलती है. जिसमें भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा के साथ तीन बड़े रथों में सवार होने के बाद अपनी मौसी गुंडिचा से मिलने के लिए निकलते हैं. रथयात्रा में निकलने वाला भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और उनकी बहन गुंडिचा के रथ की क्या खासियत होती है? इसे कौन लोग और कब तैयार करते हैं? आइए रथयात्रा के तीन प्रमुख रथों का पूरा रहस्य विस्तार से जानते हैं.

भगवान जगन्नाथ का रथ

Latest and Breaking News on NDTV

सारे जगत के नाथ कहलाने वाले भगवान जगन्नाथ या फिर कहें भगवान श्री कृष्ण का रथ सभी रथों में बड़ा होता है. इसे नंदीघोष कहते हैं और यह 44.2 फीट ऊंचा होता है. भगवान जगन्नाथ के रथ में कुल 16 पहिए होते हैं. लाल और पीले रंग के कपड़े से सुसज्जित इस नंदीघोष रथ में शंख, बलाहक,श्वेत, हरिदश्व नामक सफेद रंग के घोड़े लगे रहते हैं. भगवान के रथ के उपर त्रिलोक्यमोहिनी ध्वज लगा हुआ होता है. भगवान जगन्नाथ के रथ के सारथी दारुक और रक्षक स्वयं गरुण देव होते हैं. वहीं इसमें जय और विजय नाम के द्वारपाल होते हैं. रथ यात्रा में सबसे पीछे चलने वाला भगवान जगन्नाथ का रथ सबसे बड़ा होता है. भगवान जगन्नाथ का रथ धर्म और विजय का प्रतीक माना जाता है. 

भगवान बलभद्र का रथ 

Latest and Breaking News on NDTV

पुरी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा में निकलने वाले भगवान बदभद्र के रथ का नाम तालध्वज है. इस रथ में कुल 14 पहिये लगे होते हैं. यह लाल और हरे रंग के कपड़ों आदि से सुसज्जित तकरीबन 44 फीट ऊंचा होता है. पुरी की रथ यात्रा में सबसे आगे भगवान बलभद्र का रथ चलता है. बलभद्र के रथ को बनाने में तकरीबन 763 लक​ड़ियों का प्रयोग होता है. भगवान बलभद्र के रथ में 9 सहायक देवता और सात ऋषि होते हैं. इसमें नंद और सुनंद नाम के दो द्वारपाल होते हैं. भगवान बलभद्र का रथ तालध्वज बल और शक्ति का प्रतीक माना जाता है. 

देवी सुभद्रा का रथ 

Latest and Breaking News on NDTV

रथयात्रा में निकलने वाला देवी सुभद्रा के रथ को देवदलन, दर्पदलन और पद्मध्वज कहा जाता है. यह लाल और काला या फिर कहें गहरे नीले रंग के कपड़ों आदि से सुसज्जित 43 फीट ऊंचा होता है. सुभद्रा जी के रथ में 12 पहिए होते हैं, जिसमें उनके सारथी स्वयं उनके पति यानि अर्जुन होते हैं. रथ यात्रा के दौरान देवी सुभद्रा का रथ भगवान जगन्नाथ और बलभद्र के रथ के बीच में चलता है. देवी सुभद्रा की रक्षक जयदुर्गा और द्वारपाल गंगा और यमुना होती हैं. सुभद्रा जी के रथ में नादम्बिका नामक ध्वज लगा रहता है. दर्पदलन नामक इस रथ में चार लाल रंग के घोड़े - रोचिका, मोचिका, जीता और अपराजिता लगे हुए रहते हैं. देवी सुभद्रा का रथ देवदलन अहंकार के दमन का प्रतीक माना जाता है. 

तब ऐसे तैयार होता है रथ 

Latest and Breaking News on NDTV

रथ यात्रा के लिए इन तीनों रथों का निर्माण भगवान जगन्नाथ मंदिर के समीप 'बड़-दांड़' यानि महापथ पर किया जाता है. इन रथों को बनाने के लिए दो साल पूर्व दासापल्ला और बानापुर के जंगलों से 'साल' और 'सखुआ' की लकड़ी के 1072 टुकड़े लाए जाते हैं. यह कार्य रथोत्सव से ठीक 5 महीने पहले सरस्वती पूजा के दिन से प्रारंभ हो जाता है. रथ को बनाने का काम शिल्पकार 53 से 59 दिनों में पूरा कर लेते हैं. 

रथों के खीचने का धार्मिक महत्व 

Latest and Breaking News on NDTV

हिंदू मान्यता के अनुसार पुरी में निकलने वाली रथ यात्रा में लकड़ी के तीन रथों को खींचने का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. मान्यता है कि जो कोई व्यक्ति आस्था और श्रद्धा के साथ कीर्तन करता हुआ इन रथों को खींचता है, उसे 100 यज्ञों के बराबर पुण्यफल प्राप्त होता है.

Jagannath Rath Yatra 2026: जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी 10 बड़ी बातें जिसे सुनकर हर कोई दांतों तले दबा लेता हैं अंगुलियां

मान्यता यह भी है कि रथ को खींचने वाले व्यक्ति के जाने-अनजाने में किए गये सारे पाप दूर हो जाते हैं और वह अनंत सुख को प्राप्त करता है. भगवान जगन्नाथ की यह रथयात्रा 9 दिनों तक चलती है और इसकी वापसी को बहुदा यात्रा कहते हैं. 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rath Yatra 2026, Bhagwan Jagannath, Balbhadra, Subhadra, Puri Rath Yatra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com