Ram Navami 2026 Date: हिंदू धर्म में रामनवमी के पर्व का बेहद खास महत्व है. यह दिन भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है और चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन पड़ता है. हालांकि, हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी की तारीख को लेकर लोगों में थोड़ा भ्रम देखने को मिल रहा है. 26 मार्च या 27 मार्च, रामनवमी कब है, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. ऐसे में आइए जानते हैं सही तिथि, साथ ही जानेंगे अयोध्या में यह पर्व कब मनाया जाएगा-
रामनवमी 2026 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, नवमी तिथि 26 मार्च 2026 को सुबह 11:48 बजे से शुरू होकर 27 मार्च 2026 को सुबह 10:06 बजे तक रहेगी. इसी कारण दो अलग-अलग मत सामने आ रहे हैं. उदय तिथि को मानने वाले लोगों के अनुसार, 27 मार्च 2026 को रामनवमी मनाना अधिक शुभ रहेगा. वहीं, भगवान श्रीराम का जन्म मध्याह्न काल में हुआ था, इसलिए 26 मार्च को भी इस पर्व को मनाना शुभ माना जा रहा है. ऐसे में गृहस्थ लोगों के लिए 26 मार्च को रामनवमी मनाना शुभ माना गया है. जबकि वैष्णव संप्रदाय के लोग 27 मार्च को यह पर्व मनाएंगे.
इस दिन का मध्याह्न मुहूर्त सुबह 11:13 बजे से दोपहर 1:41 बजे तक रहेगा और भगवान श्रीराम के जन्म का विशेष समय दोपहर 12:27 बजे माना गया है.
अयोध्या में कब मनाई जाएगी रामनवमी?अयोध्या, जो भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, वहां इस वर्ष रामनवमी का भव्य आयोजन 27 मार्च 2026 को किया जाएगा. राम मंदिर में इसी दिन विशेष उत्सव मनाया जाएगा. सुबह 6:30 बजे से पूजा और अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे, जो लगभग 11:00 बजे तक चलेंगे. इसके बाद दोपहर 12 बजे भगवान राम के जन्म का उत्सव मनाया जाएगा. दोपहर 12:27 बजे रामलला के जन्म का मुख्य क्षण माना जाएगा और विशेष आरती की जाएगी.
यानी रामनवमी 2026 को लेकर दोनों ही तारीखें अपने-अपने महत्व के अनुसार सही हैं. आप अपनी परंपरा और मान्यता के अनुसार 26 या 27 मार्च को यह पर्व मना सकते हैं. नवमी पर कन्या पूजा का समय 27 मार्च सुबह 6:18 से 7:50 बजे तक और फिर 10:55 बजे से दोपहर 3:31 बजे तक रहेगा.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं