विज्ञापन

October 2026 Festival Calendar: नवरात्रि, दशहरा से लेकर करवा चौथ तक, अक्टूबर में पड़ेंगे ये बड़े त्योहार

अक्टूबर 2026 का महीना कई त्योहारों और धार्मिक आयोजनों से भरा रहेगा. आइए जानते हैं अक्टूबर में किस दिन कौन सा त्योहार मनाया जाएगा-

October 2026 Festival Calendar: नवरात्रि, दशहरा से लेकर करवा चौथ तक, अक्टूबर में पड़ेंगे ये बड़े त्योहार
अक्टूबर में किस दिन कौन सा त्योहार मनाया जाएगा?
(Photo Credit: NDTV)

अक्टूबर का महीना आते ही देशभर में त्योहारों का माहौल बनना शुरू हो जाता है. इस बार अक्टूबर 2026 में कई बड़े हिंदू त्योहार एक के बाद एक आने वाले हैं. महीने की शुरुआत पितृ पक्ष के अंतिम दिनों से होगी और इसके बाद नवरात्रि के साथ त्योहारों का सिलसिला शुरू हो जाएगा. आइए जानते हैं अक्टूबर में किस दिन कौन सा त्योहार मनाया जाएगा- 

11 अक्टूबर से शुरू होगी शारदीय नवरात्रि

हिंदू पंचांग के अनुसार, शारदीय नवरात्रि की शुरुआत अश्विन महीने के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है. इस साल प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजकर 19 मिनट से शुरू होगी. इसका समापन 11 अक्टूबर की रात 9 बजकर 30 मिनट पर होगा. ऐसे में उदया तिथि को ध्यान में रखते हुए शारदीय नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी. इस दिन घटस्थापना के साथ नवरात्रि का पहला व्रत रखा जाएगा. 

16 से 21 अक्टूबर तक दुर्गा पूजा

पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में दुर्गा पूजा का पर्व खूब धूमधाम के साथ मनाया जाता है. इस बार दुर्गा पूजा की शुरुआत 16 अक्टूबर से होगी. बंगाल कैलेंडर के अनुसार, 20 अक्टूबर को महा नवमी और 21 अक्टूबर को विजयादशमी का आयोजन होगा. 

20 अक्टूबर को दशहरा

20 अक्टूबर 2026 को दशहरा का पर्व मनाया जाएगा. हिंदू पंचांग के अनुसार, दशहरा आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है. साल 2026 में दशमी तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट से शुरू होगी. इसका समापन 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर होगा. ऐसे में उदया तिथि को ध्यान में रखते हुए 20 अक्टूबर को दशहरा मनाया जाएगा. यह दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है. 

21 अक्टूबर को मैसूर दशहरा

इसके बाद 21 अक्टूबर को मैसूर दशहरा का पर्व मनाया जाएगा. खासकर कर्नाटक में इस पर्व पर अलग ही रौनक देखने को मिलती है. मैसूर पैलेस के आसपास होने वाले कार्यक्रम और पारंपरिक दशहरा जुलूस इस उत्सव का खास आकर्षण होते हैं.

25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा

शरद पूर्णिमा 25 अक्टूबर, रविवार को होगी. इसे कोजागरा पूर्णिमा भी कहा जाता है. इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है और फिर रात में धार्मिक अनुष्ठान किया जाता है.

29 अक्टूबर को करवा चौथ

महीने के आखिर में 29 अक्टूबर, गुरुवार को करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा. इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना से निर्जला व्रत रखती हैं. फिर शाम को पूजा के बाद चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है.

इस तरह अक्टूबर 2026 का महीना त्योहारों और धार्मिक आयोजनों से भरा रहेगा. नवरात्रि की पूजा से लेकर दशहरे की रौनक और करवा चौथ के व्रत तक, इस महीने में कई व्रत और त्योहार की रौनक देखने को मिलेगी. 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

यह भी पढ़ें- अपनी नजर खुद कैसे उतारें? एस्ट्रोलॉजर से जानें आसान विधि, नजर उतारने का सही समय और दिन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Faith News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com