विज्ञापन

कैसे हुई नागों की उत्पत्ति? शेषनाग, वासुकि और तक्षक समेत इन 6 नागों की जानें रोचक कहानी

Nag Panchami 2026: धार्मिक ग्रंथों के अनुसार कद्रू और कश्यप ऋषि से नागों की उत्पत्ति मानी जाती है. शेषनाग, वासुकि, तक्षक, कर्कोटक, धृतराष्ट्र और कालिया प्रमुख नागों से जुड़ी रोचक कथाएं हैं. आइए ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय से जानते हैं नागों की उत्पत्ति कैसे हुई.

कैसे हुई नागों की उत्पत्ति? शेषनाग, वासुकि और तक्षक समेत इन 6 नागों की जानें रोचक कहानी
कद्रू के वरदान से हुई नागों की उत्पत्ति
ndtv

नाग पंचमी के मौके पर नाग देवता की पूजा तो आपने जरूर देखी होगी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि हिंदू धर्म ग्रंथों में नागों की उत्पत्ति और उनसे जुड़ी कई रोचक कथाओं का वर्णन मिलता है. ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय ने बताया कि महाभारत के आदि पर्व और अन्य धार्मिक ग्रंथों में शेषनाग, वासुकि, तक्षक और कालिया समेत कई प्रमुख नागों की कहानियां मिलती हैं.

कद्रू के वरदान से हुई नागों की उत्पत्ति

ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय ने बताया कि दक्ष प्रजापति की पुत्रियां कद्रू और विनता का विवाह कश्यप ऋषि से हुआ था. कश्यप ने दोनों को वरदान मांगने को कहा. कद्रू ने एक हजार पराक्रमी नाग पुत्रों की इच्छा जताई, जबकि विनता ने दो शक्तिशाली पुत्र मांगे. इसके बाद कद्रू ने एक हजार अंडे दिए, जिनसे नागों का जन्म हुआ.

शेषनाग ने धारण की पृथ्वी

पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, ऐसी मान्यता है कि कद्रू के पुत्रों में शेषनाग को सबसे पराक्रमी माना गया है. उन्होंने धर्म की रक्षा के लिए तपस्या की. ब्रह्मा ने प्रसन्न होकर उन्हें पृथ्वी को अपने फन पर धारण करने का वरदान दिया. भगवान विष्णु के शेषशय्या पर विराजमान होने की कथा भी प्रसिद्ध है.

यह भी पढ़ें: नाग पंचमी के दिन घर में दिख जाए सांप की तस्वीर, जानिए क्या मिलते हैं शुभ संकेत?

समुद्रमंथन में वासुकि की क्या है भूमिका

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि वासुकि को नागों का राजा बताया गया है. पौराणिक कथाओं के अनुसार, समुद्रमंथन के दौरान देवताओं और असुरों ने वासुकि नाग को रस्सी के रूप में इस्तेमाल किया था. आगे चलकर उनके परिवार से जुड़ी आस्तीक की कथा भी सर्प यज्ञ से जुड़ती है.

तक्षक और कालिया की कहानी भी खास

उन्होंने आगे बताया कि महाभारत में तक्षक नाग का उल्लेख राजा परीक्षित की मृत्यु से जुड़ी कथा में मिलता है. वहीं श्रीमद्भागवत में कालिया नाग का वर्णन यमुना से जुड़ी कथा में है. ऐसी मान्यता है कि श्रीकृष्ण ने कालिया को पराजित कर यमुना छोड़ने के लिए कहा था. साथ ही कहा कि कर्कोटक को भगवान शिव का गण बताया गया है. वहीं धृतराष्ट्र नाग का संबंध अर्जुन और बभ्रुवाहन की कथा से मिलता है. इस तरह अलग-अलग धर्म ग्रंथों में नागों से जुड़ी अनेक कथाएं और मान्यताएं मिलती हैं.

यह भी पढ़ें: Putrada Ekadashi 2026: अगस्त में कब है सावन पुत्रदा एकादशी? जानिए तारीख, शुभ मुहूर्त और विधि

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Snakes, Nag Panchami 2026, Sheshnag
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com