Aakhri Bada Mangal 2026: हिंदू धर्म में हनुमान जी की साधना सभी प्रकार के संकटों से निकाल कर सुख-सौभाग्य प्रदान करने वाली मानी गई है. यह हनुमत साधना तब और भी ज्यादा पुण्यदायी और फलदायी हो जाती है, जब आप इसे ज्येष्ठ मास के मंगलवार यानि बड़ा मंगल वाले दिन करते हैं. पंचांग के अनुसार आज जेठ महीने का आखिरी बड़ा मंगल है. अगर आपको अब तक बड़ा मंगल या फिर कहें बुढ़वा मंगल की पूजा करने का सौभाग्य नहीं प्राप्त हुआ है तो आज साल के आखिरी बड़ा मंगल पर नीचे बताए गये पूजा के उपाय करके आप मारुति नंदन को मना करके मनचाहा आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं.
दक्षिणमुखी हनुमान की पूजा से दूर होंगे दुख

हनुमान जी की पूजा में उनके तमाम तरह के स्वरूप और स्थान का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. हिंदू मान्यता के अनुसार यदि बड़ा मंगल के पावन पर्व पर दक्षिणमुखी हनुमान जी की मूर्ति की पूजा विधि-विधान से की जाए तो साधक के जीवन से जुड़े हर दुख को हनुमान जी हर लेते हैं. ऐसे में बजरंगी का आशीर्वाद पाने के लिए आज दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में लाल रंग के आसन पर बैठकर सच्चे मन से पूजा करें तथा विशेष रूप से उन्हें सिंदूर का चोला चढ़ाएं.
हनुमान जी को चढ़ाएं तुलसी की माला

हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की पूजा में तुलसी का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. ऐसे में बड़ा मंगल की पूजा का पुण्यफल और हनुमान जी का आशीर्वाद पाने के लिए न सिर्फ भोग के साथ तुलसी दल अर्पित करें बल्कि हनुमान जी को तुलसी दल की माला भी पहनाएं. मान्यता है कि एक बार हनुमान जी को खाना खिलाते-खिलाते पूरी रसोईं खाली हो गई लेकिन उनकी भूख शांत नहीं हुई. तब भगवान राम ने माता सीता के बताया कि उनके भोजन में एक तुलसी का पत्ता डाल दो. जब माता सीता ने यह उपाय किया तो हनुमान जी की भूख शांत हो गई. तब से लेकर आज तक हनुमान जी के भोग में तुलसी दल साथ में डालने की परंपरा है.
हनुमान चालीसा से चमकेगा भाग्य

हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी की पूजा में उनके गुणों का गान करने वाली चालीसा के पाठ का बहुत ज्यादा महत्व माना गया है. मान्यता है कि हनुमान चालीसा में प्रत्येक चौपाई एक महामंत्र के समान शुभ फल प्रदान करने वाली है. ऐसे में आज साधक को मारुति नंदन को मनाने के लिए चालीसा का कम से कम सात बार पाठ करना चाहिए.
पीपल से जुड़ा महाउपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा की तरह किसी पीपल के नीचे बना हनुमत धाम भी अत्यंत ही पावन माना गया है. मान्यता है कि यदि कोई भक्त मंगलवार के दिन पीपल के पेड़ के नीचे हनुमत साधना करता है तो हनुमान जी शीघ्र ही प्रसन्न होकर उस पर अपनी कृपा बरसाते हैं. यदि किसी को धन की कामना हो तो आज बड़ा मंगल वाले दिन साधक को स्नान करने के बाद 11 पीपल के पत्ते पर श्री राम का नाम लिखकर हनुमान जी को अर्पित करना चाहिए. मान्यता है कि पूजा के इस उपाय से सुख-सौभाग्य बढ़ता है और पैसों की किल्लत दूर होती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं