Kitchen Vastu Tips: रसोई में रखी हर चीज का एक अपना महत्व होता है. शास्त्र में चाकू को वास्तु दोष का कारण माना जाता है. आइए ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय से जानते हैं कि चाकू को रसोई में किस दिशा में रखना चाहिए. रसोई सिर्फ खाना बनाने की जगह नहीं, बल्कि घर की सकारात्मक ऊर्जा का भी अहम केंद्र मानी जाती है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, रसोई में रखी हर चीज का अपना महत्व होता है और चाकू भी उनमें से एक है. ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय बताते हैं कि चाकू को सही दिशा और सही तरीके से रखने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है, जबकि लापरवाही से रखा गया चाकू वास्तु दोष का कारण माना जाता है.
रसोई में मां अन्नपूर्णा की तस्वीर लगाएं
पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, रसोई के मुख्य द्वार के ऊपर भगवान शिव को अन्न परोसती मां अन्नपूर्णा की तस्वीर लगाना शुभ माना जाता है. साथ ही रसोई का स्थान अग्नि कोण में होना चाहिए और वहां जीरो वाट का लाल बल्ब लगाने की भी सलाह दी जाती है.
चाकू किस दिशा में रखना है शुभ
वास्तु शास्त्र में मंगल ग्रह की दिशा दक्षिण मानी गई है. इसलिए चाकू को दक्षिण या दक्षिण-पूर्व दिशा में रखना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इससे व्यक्ति का क्रोध नियंत्रित रहता है और घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है.
इन दिशाओं में चाकू रखने से बचें
उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा में चाकू रखना शुभ नहीं माना जाता. इन दिशाओं का संबंध बुध ग्रह से माना जाता है. ऐसी मान्यता है कि यहां चाकू रखने से घर की सुख-शांति और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है.
सबसे बेहतर कौन सा माना जाता है चाकू
वास्तु के अनुसार, रसोई में स्टील की चाकू सबसे उपयुक्त मानी जाती है. यदि उसका हैंडल लकड़ी का हो तो इसे और भी शुभ माना जाता है. वहीं प्लास्टिक हैंडल वाली चाकू खरीदते समय काले रंग से बचने की सलाह दी जाती है.
चाकू का रखरखाव भी है जरूरी
विशेषज्ञ के मुताबिक, चाकू को इस्तेमाल के बाद खुला छोड़ने के बजाय दराज या बंद जगह पर रखना चाहिए. साथ ही उपयोग के तुरंत बाद उसे साफ करके सुरक्षित स्थान पर रखें. वास्तु मान्यताओं के अनुसार, छोटी-छोटी आदतों का असर भी घर के माहौल पर पड़ता है. हालांकि ये सभी बातें पारंपरिक वास्तु मान्यताओं पर आधारित हैं.
यह भी पढ़ें:- बारिश के मौसम में चेहरे पर पिंपल्स बढ़ गए हैं? एक्सपर्ट ने बताया रात को सोने से पहले ये 3 काम करें, जल्द दिखेगा असर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं