Guru Pushya Yoga Worship Remedies: ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जिस प्रकार नवग्रहों में सूर्य और सभी 27 नक्षत्रों में पुष्य नक्षत्र को राजा कहा जाता है. जब कभी भी पुष्य नक्षत्र देवगुरु कहलाने वाले बृहस्पतिवार या फिर कहें गुरुवार के दिन पड़ता है तो उस दिन गुरु पुष्य योग बनता है. ज्योतिष में इस गुरु पुष्य योग को धन, धर्म, ज्ञान और सुख-सौभाग्य को बढ़ाने के लिए बेहद शुभ माना गया है. मान्यता है कि गुरु पुष्य योग में भगवान श्री विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा से जुड़े उपायों को करने पर साधक को शीघ्र ही शुभ फल की प्राप्ति होती है. आइए दुर्भाग्य को सौभाग्य में बदलने वाले गुरु पुष्य योग के अचूक उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
गाय से जुड़ा महाउपाय
हिंदू धर्म में गोमाता को लेकर मान्यता है कि उनके शरीर में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है. गुरु पुष्य योग वाले दिन उनकी सेवा और पूजा से जुड़े उपाय अत्यंत ही शुभ और शीघ्र फलदायी माने गये हैं. गुरु पुष्य योग पर आज गोमाता से मनचाहा आशीर्वाद पाने के लिए किचन में बनी पहली रोटी गाय को खिलाएं और उनकी सात बार परिक्रमा करें. साथ ही साथ आज पूजा में गाय के दूध, दही, घी, गोबर आदि का विशेष रूप से प्रयोग करें.
केले के पेड़ की पूजा के उपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार केले के पेड़ का संबंध देवगुरु बृहस्पति और भगवान विष्णु से माना गया है. ऐसे में आज इन देवताओं का आशीर्वाद पाने के लिए व्यक्ति को स्नान-ध्यान करने के बाद एक लोटे में थोड़ी सी हल्दी, चने की दाल और गुड़ मिलाकर केले के पेड़ की जड़ में श्रद्धा और विश्वास के साथ अर्पित करना चाहिए. जल देने के बाद साधक को वहां पर शुद्ध देशी घी का दीप जलाकर भगवान विष्णु के मंत्र - 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' और भगवान बृहस्पति के मंत्र - 'ॐ बृं बृहस्पतये नमः' का अधिक से अधिक जप करना चाहिए. पूजा के अंत में केले के पेड़ की एक या पांच बार परिक्रमा करें. यदि आप करियर और कारोबार से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे हैं तो आज गुरु पुष्य योग में आपको तरक्की की कामना करते हुए केले के पेड़ में पीला धागा बांधना चाहिए.
गुरु पुष्य योग में इन चीजों का करें दान
हिंदू मान्यता के अनुसार गुरु पुष्य योग के दिन श्रद्धा के साथ किसी पुजारी या धर्मगुरु किया जाने वाला दान अत्यंत ही शुभ और कई गुना ज्यादा फलदायी माना गया है. गुरु पुष्य योग के शुभ फल और लक्ष्मी संग नारायण का आशीर्वाद पाने के लिए मंदिर के पुजारी या फिर धर्मगुरु को पीले रंग के वस्त्र, अन्न, धन और धार्मिक पुस्तकें दान करें. मान्यता है कि गुरु पुष्य योग में दान से जुड़ा यह उपाय सुख-सौभाग्य में चौगुना वृद्धि करता है.
Mahesh Navami 2026: महेश नवमी कब है? जानें इससे जुड़ी कथा, पूजा विधि और धार्मिक महत्व
लक्ष्मी संग नारायण की करें विशेष पूजा
हिंदू मान्यता के अनुसार गुरु पुष्य योग में श्री यानि लक्ष्मी और हरि यानि भगवान विष्णु की पूजा शीघ्र ही फलदायी होती है. ऐसे में आज भगवान विष्णु और लक्ष्मी को पीले पुष्प, पीले वस्त्र, पीली रंग की मिठाई, केसर की खीर आदि अर्पित करके श्री विष्णु सहस्त्रनाम और श्री सूक्त का विशेष रूप से पाठ करें. धन की देवी मां लक्ष्मी को मनाने के लिए उन्हें हल्दी की गांठ, सुपाड़ी और सिक्का अर्पित करें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं