Budh Pradosh Vrat 2026: आज 15 अप्रैल का दिन भगवान शिव के भक्तों के लिए अत्यंत पवित्र और शुभ माना जा रहा है. आज बुध प्रदोष व्रत रखा जा रहा है, जो भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना को समर्पित होता है. प्रदोष व्रत हर महीने की त्रयोदशी तिथि को किया जाता है. बुधवार के दिन पड़ने पर इसे बुध प्रदोष व्रत कहा जाता है. वहीं, बुध प्रदोष का महत्व और भी खास होता है. बुधवार का दिन भगवान गणेश को समर्पित होता है, ऐसे में इस दिन शिव परिवार की पूजा करना विशेष फलदायी माना गया है.
ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दिक्षित बताते हैं, बुध प्रदोष व्रत करने से व्यक्ति की बुद्धि, वाणी और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है. साथ ही यह व्रत जीवन में सफलता, सुख-समृद्धि और मानसिक शांति प्रदान करता है. इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से की गई पूजा से भगवान शिव अत्यंत प्रसन्न होते हैं.
प्रदोष काल का शुभ समय
पंचांग के अनुसार, त्रयोदशी तिथि आज रात 10 बजकर 31 मिनट तक रहेगी. वहीं, भगवान शिव की पूजा के लिए प्रदोष काल को सबसे शुभ माना गया है. आज प्रदोष काल शाम 6:47 बजे से रात 9:00 बजे तक रहेगा. इस समय किया गया पूजन शीघ्र फलदायी माना जाता है.
शिवजी को प्रसन्न करने के प्रभावी उपायज्योतिषाचार्य के अनुसार, प्रदोष काल में कुछ विशेष उपाय करने से भगवान शिव की कृपा शीघ्र प्राप्त होती है. भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए-
- प्रदोष काल में शिवलिंग का गंगाजल, दूध, शहद, घी और पंचामृत से अभिषेक करें.
- भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, भांग और हरी मूंग दाल अर्पित करें.
- श्रद्धा भाव से शिव चालीसा और 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करें.
- पूजा के अंत में सच्चे मन से अपनी मनोकामनाएं भगवान के सामने रखें.
इन उपायों को करने से नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
यह भी पढ़ें- Budh Pradosh Vrat 2026: आज रखा जाएगा वैशाख महीने का पहला प्रदोष व्रत, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि
धार्मिक मान्यता है कि जो भक्त सच्चे मन और पूर्ण श्रद्धा से प्रदोष व्रत करते हैं, भगवान शिव उनकी सभी इच्छाएं पूर्ण करते हैं. यह व्रत जीवन के कष्टों को दूर कर सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करता है. ऐसे में अगर आप भी भगवान शिव की विशेष कृपा पाना चाहते हैं, तो आज के दिन प्रदोष काल में विधि-विधान से पूजा अवश्य करें. यह दिन आपके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है और आपकी मनोकामनाओं को पूर्ण करने का मार्ग खोल सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं