अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी और महज चार दिनों के भीतर 85,779 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के गुफा मंदिर में दर्शन कर चुके हैं. सोमवार को 28,818 श्रद्धालुओं ने गुफा में पहुंचकर बाबा अमरनाथ के दर्शन किए. क्या आप जानते हैं अमरनाथ गुफा के अंदर जहां शिवलिंग के दर्शन होते हैं, वहीं बर्फ से स्वाभाविक रूप से निर्मित पार्वती पीठ भी दिखाई देता है, जिसे देवी सती के महामाया स्वरूप के रूप में पूजा जाता है. यही स्थान महामाया शक्तिपीठ कहलाता है, जो माता सती के 51 शक्तिपीठों में शामिल है. आज हम आपको इसकी पौराणिक मान्यता के बारे में बताने जा रहे हैं.
क्या है पौराणिक मान्यता?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, जब माता सती ने अपने पिता दक्ष के यज्ञ में अपने पति को अपमानित होते देख आत्मदाह कर लिया, तब भगवान शिव उनके शव को लेकर विक्षिप्त अवस्था में ब्रह्मांड पर घूमने लगे. भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से माता के अंगों को विभिन्न स्थानों पर गिराया ताकि शिवजी का विलाप शांत हो सके. जहां-जहां माता के अंग गिरे, वहां शक्तिपीठ स्थापित हुए. कश्मीर के पहलगाम स्थित अमरनाथ में माता सती का कंठ यानी गला गिरा था. इसी कारण यहां शक्तिपीठ की स्थापना हुई और माता को महामाया और भैरव को त्रिसंध्येश्वर नाम से पूजा जाने लगा. मान्यता है कि यहां दर्शन करने से जन्म-जन्मांतर के पाप कट जाते हैं और भक्त को मोक्ष की प्राप्ति होती है.

सुख-संपदा की प्राप्ति
गुफा के भीतर मुख्य रूप से बर्फ से बना प्राकृतिक शिवलिंग दिखाई देता है, जिसे अमरनाथ का हिमलिंग कहा जाता है. इसी के साथ प्राकृतिक रूप से बर्फ से निर्मित एक पार्वती पीठ भी बनती है. यही पार्वती पीठ महामाया शक्तिपीठ के रूप में मान्य है. अमरनाथ की इस गुफा में देवी महामाया और भगवान शिव के त्रिसंध्येश्वर रूप की संयुक्त उपासना का विशेष महत्व है. मान्यता है कि यहां विधिपूर्वक पूजा करने से भक्त को न केवल सांसारिक सुख-संपदा मिलती है, बल्कि उसे शिवलोक में भी स्थान प्राप्त होता है.
12,700 फीट की ऊंचाई पर अमरनाथ गुफा
अमरनाथ गुफा समुद्र तल से लगभग 12,700 फीट की ऊंचाई पर स्थित है और श्रीनगर से लगभग 141 किलोमीटर दूर है. हर साल यहां श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड द्वारा प्रसिद्ध अमरनाथ यात्रा का आयोजन किया जाता है. हजारों-लाखों श्रद्धालु कठिन पर्वतीय मार्ग तय करके हिमलिंग और पार्वतीपीठ के दर्शन करते हैं.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: Yogini Ekadashi 2026: योगिनी एकादशी व्रत के उपाय, जिसे करते ही बरसता है श्री हरि का आशीर्वाद
यह भी पढ़ें: Kalashtami 2026: काल भैरव की पूजा पुण्यफल पाना है तो कभी भूलकर न करें इन 10 नियमों की अनदेखी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं