UP Kanwar Yatra Rules 2026: सावन का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ ही कांवड़ यात्रा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं. हर साल लाखों शिवभक्त इस यात्रा में शामिल होते हैं, इसलिए इस बार उत्तर प्रदेश प्रशासन ने पहले से ही कई बड़े नियम लागू कर दिए हैं. अगर आप भी कांवड़ यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं या यात्रा में डीजे और म्यूजिक सिस्टम का इस्तेमाल करने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. डीजे की ऊंचाई, आवाज, बजने वाले गानों से लेकर होटल और ढाबों तक के लिए नए निर्देश जारी किए गए हैं. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सीधे कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
डीजे और कांवड़ की ऊंचाई पर रहेगा कंट्रोल (DJ And Kanwar Height Limit)
प्रशासन के मुताबिक कांवड़ यात्रा में इस्तेमाल होने वाले डीजे या म्यूजिक सिस्टम की ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट से ज्यादा नहीं हो सकती. वहीं आवाज की सीमा भी तय कर दी गई है. म्यूजिक सिस्टम 75 डेसीबल से ज्यादा तेज नहीं बजाया जा सकेगा. अगर कोई इन नियमों का पालन नहीं करता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा. मेरठ में ऐसे करीब 250 संचालकों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं.
सिर्फ भक्ति गीत ही बजेंगे (Only Devotional Songs Allowed)
यात्रा के दौरान केवल धार्मिक गीत बजाने की अनुमति होगी. अश्लील गाने या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गानों पर पूरी तरह रोक रहेगी. अस्पतालों के आसपास डीजे या म्यूजिक सिस्टम खड़ा करने की भी इजाजत नहीं होगी. सभी संचालकों को नियमों का पालन करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं.

होटल और ढाबों पर भी लागू होंगे नए नियम (New Rules For Hotels And Eateries)
कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले होटल, ढाबे और रेस्तरां में क्यूआर कोड लगाना जरूरी होगा. श्रद्धालु अपने मोबाइल से इसे स्कैन करके संचालक का नाम और खाने-पीने की चीजों की तय कीमत देख सकेंगे. इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और ज्यादा कीमत वसूलने जैसी शिकायतों पर रोक लगेगी.
सुरक्षा के लिए रहेगा कड़ा इंतजाम (Tight Security Arrangements)
प्रशासन इस बार थाना स्तर पर कांवड़ रजिस्टर तैयार कर रहा है, जिसमें यात्रा से जुड़ी सभी जानकारी दर्ज होगी. 15 जुलाई से पहले अधिकारियों को हर दूसरे दिन यात्रा मार्ग का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं. सीसीटीवी कैमरों से पूरी यात्रा पर नजर रखी जाएगी. पुलिस के साथ एटीएस, अर्धसैनिक बल, इंटेलिजेंस और आईबी की टीमें भी अलर्ट रहेंगी. जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी कांवड़ियों की वेशभूषा में भी तैनात किए जाएंगे, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- Chaturmas 2026: 25 या 26 जुलाई कब से शुरू हो रहा है चातुर्मास? जान लीजिए सही तारीख और नियम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं