विज्ञापन
This Article is From May 19, 2019

Lok Sabha Election 2019 Phase 7: 10 करोड़ से ज्यादा वोटर करेंगे 918 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला, जानिए 11 बड़ी बातें

Lok Sabha Election Phase 7 Voting: लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए कुल 59 सीटों पर आज मतदान हो रहा है.

Also Read in
Lok Sabha Election 2019 Phase 7: 10 करोड़ से ज्यादा वोटर करेंगे 918 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला, जानिए 11 बड़ी बातें
Election 2019 Phase 7: आज पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी वोटिंग
नई दिल्ली:
  1. लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के लिए कुल 59 सीटों पर आज मतदान हो रहा है. जिसमें पंजाब की 13, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की 9, बिहार और मध्य प्रदेश की 8-8, हिमाचल प्रदेश की 4, झारखंड की 3 और चंडीगढ़ की एक मात्र लोकसभा सीट शामिल है. 
  2.  इस चरण में 10.01 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं और वे 918 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे. निर्वाचन आयोग ने मतदान सुगम तरीके से संपन्न कराने के लिए 1.12 लाख मतदान केंद्र बनाए हैं.
  3. रविवार को ही पणजी विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव है जो पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद खाली हो गई थी. इसके साथ ही तमिलनाडु की चार विधानसभा सीटों-सुलूर, अरवाकुरुचि, ओत्तापिदरम (सुरक्षित) और तिरुपरंकुंद्रम पर भी रविवार को उपचुनाव है.
  4. लोकसभा चुनाव के पिछले छह चरणों में औसतन 66.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. यूपी में सभी की निगाहें वाराणसी सीट पर हैं, जहां मोदी के मुख्य प्रतिद्वंद्वियों में कांग्रेस के अजय राय, सपा-बसपा महागठबंधन की उम्मीदवार शालिनी यादव शामिल हैं. इस सीट पर कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं.
  5. यूपी में 13 सीटों पर होने वाले चुनाव में बीजेपी केवल 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. बाकी 2 सीटों मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज से उनका सहयोगी अपना दल(सोनेलाल) चुनाव लड़ रहा है. केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और यूपी भाजपा के मुखिया महेंद्र नाथ पांडेय गाजीपुर और चंदौली से चुनाव लड़ रहे हैं. 
  6. पंजाब में शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और हरदीप सिंह पुरी सहित कई बड़े चेहरों की चुनावी किस्मत का फैसला भी रविवार को होगा. छह लाख मतदाओं वाली चंडीगढ़ लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद एवं भाजपा उम्मीदवार किरण खेर के खिलाफ पूर्व रेल मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार पवन कुमार बंसल चुनाव मैदान में हैं. 
  7. इस बार अभिनेता से नेता बने सनी देओल भी चुनाव लड़ रहे हैं और पंजाब कांग्रेस के मुखिया सुनील जाखड़ और आप की पंजाब इकाई के प्रमुख भगवंत मान चर्चित उम्मीदवार हैं. पंजाब में 13 में से ज्यादातार सीटों पर शिअद-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है. 
  8. पश्चिम बंगाल की नौ सीटों पर 1,49,63,064 मतदाता 111 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे. वहीं बिहार में सातवें चरण के मतदान में चार केंद्रीय मंत्रियों-रविशंकर प्रसाद, रामकृपाल यादव, आर के सिंह और अश्विनी कुमार चौबे सहित 157 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा. 
  9. बिहार में जिन आठ सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से सात सीट पिछली बार राजग ने जीती थीं. इनमें से पांच सीटें भाजपा ने और दो सीटें अब महागठबंधन का हिस्सा बन चुके आरएलएसपी ने जीती थीं. एक सीट जदयू ने जीती थी जिसने उस समय अपने बूते चुनाव लड़ा था. जदयू अब राजग में वापस आ गया है. इसके अलावा राज्य की डेहरी विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव है.
  10. बिहार में सबकी नजरें पटना साहिब पर हैं जहां से नरेंद्र मोदी कैबिनेट के सबसे प्रमुख सदस्यों में एक रविशंकर प्रसाद, कांग्रेस उम्मीदवार एवं भाजपा के टिकट पर दो बार इस सीट पर जीत चुके शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ मैदान में हैं.
  11. झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन सहित 42 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा. झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) प्रमुख और आठ बार सांसद रहे सोरेन दुमका सीट से फिर चुनाव लड़ रहे हैं. भाजपा ने उनके खिलाफ सुनील सोरेन को मैदान में उतारा है. वहीं मध्य प्रदेश में देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगौन और खंडवा सीटों पर मतदान है. (इनपुट:भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Narendra Modi, BJP, Congress, Lok Sabha Election 2019 Phase 7
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com