विज्ञापन
This Article is From Dec 11, 2018

राहुल ने बताया कि कैसे चुने जाएंगे राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री

राहुल गांधी ने कहा- हमने मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को हरा दिया है... मुख्यमंत्रियों को लेकर कोई मुद्दा नहीं होगा

राहुल ने बताया कि कैसे चुने जाएंगे राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री
राहुल गांधी ने कहा है कि मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्रियों का चयन सहजता से किया जाएगा.
  • राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट मुख्यमंत्री पद की दौड़ में
  • छत्तीसगढ़ में सिंह देव, चरणदास महंत, भूपेश बघेल व ताम्रध्वज साहू दावेदार
  • मध्यप्रदेश में कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्यमंत्री पद के दावेदार
नई दिल्ली: राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सत्ता में वापसी और मध्यप्रदेश में कांटे की टक्कर होने के बाद पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि इन तीन राज्यों में मुख्यमंत्रियों का चयन सुगमता से किया जाएगा.

राहुल ने कहा, ‘‘हमने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा को हरा दिया है... मुख्यमंत्रियों (के चयन) को लेकर कोई मुद्दा नहीं होगा. यह सुगमता से किया जाएगा.'' दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष से यह पूछा गया था कि हिन्दी पट्टी के इन तीन राज्यों में पार्टी के मुख्यमंत्री कौन-कौन होंगे, जिसके जवाब में राहुल ने यह बात कही.

राजस्थान में पार्टी के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सचिन पायलट मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं. वहीं, छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता टीएस सिंह देव, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री चरणदास महंत, प्रदेश पार्टी प्रमुख भूपेश बघेल और ओबीसी नेता ताम्रध्वज साहू इस शीर्ष पद के लिए संभावित उम्मीदवार बताए जा रहे हैं. मध्यप्रदेश में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं.

राहुल ने यह भी कहा कि पार्टी ने चुनावों से पहले विभिन्न राज्यों में पार्टी के अंदर नेताओं के बीच तनाव को प्रभावी तरीके से दूर किया. उन्होंने कहा कि सभी नेताओं ने एकजुट होकर काम किया, जिसने पार्टी को हिन्दी पट्टी के तीन राज्यों में विजेता बनकर उभरने में मदद की. उन्होंने कहा, ‘‘यह जीत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं, किसानों, युवाओं और छोटे कारोबारियों की जीत है. अब कांग्रेस पार्टी पर बड़ी जिम्मेदारी है.''

VIDEO : जानिए - राहुल गांधी ने जीतने पर क्या कहा

राहुल ने यह भी कहा कि उन्होंने 2014 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली बड़ी हार से बहुत कुछ सीखा है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी मां (संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी) से कहा करता हूं कि मेरे लिए सर्वश्रेष्ठ चीज 2014 का चुनाव था. मैंने उस चुनाव से काफी कुछ सीखा. मैंने सीखा कि सबसे महत्वपूर्ण चीज विनम्रता है.''
(इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assembly Elections Results 2018
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com