श्रीलंका अगले महीने भारत दौरे पर होगी, जहां वह भारत के खिलाफ तीन वनडे और इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज खेलेगी. इस सीरीज की शुरुआत 13 दिसंबर से विशाखापट्टनम में होने वाले वनडे मुकाबले से होगी. इस सीरीज के लिए भारतीय स्क्वाड का ऐलान नहीं हुआ है. रविवार को प्रज्ञान ओझा की अगुवाई में सेलेक्शन कमेटी की बैठक संभावित है. मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि चयनकर्ता 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर ही स्क्वाड का ऐलान करेंगे. हालांकि, ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब फैंस जानना चाहेंगे.
वनडे सीरीज में कौन IN-कौन OUT?
बैटिंग ऑर्डर में अधिक बदलाव होंगे, इसकी संभावना कम है. अगर टीम मैनेजमेंट कोई अप्रत्याशित कदम नहीं उठाती है तो रोहित शर्मा और शुभमन गिल बल्लेबाजी की शुरुआत करते हुए ही नजर आएंगे. उनके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर की जगह तय है. अगर कुलदीप को मौका नहीं मिलता है तो अक्षर पटेल भी अपनी जगह बनाने में सफल रहेंगे. विकेटकीपर के तौर पर केएल राहुल का नाम कंफर्म है. सवाल इसके बाद का है.
हर्षित राणा फिट हैं और राइजिंग एशिया कप में उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आई है. उन्होंने शानदार गेंदबाजी भी की है. हर्षित चोटिल होने के चलते लंबे समय से बाहर थे. ऐसे में हर्षित की वापसी हो सकती है.
लेकिन गेंदबाजों में किसे रखा जाएगा और कौन बाहर होगा? इसका फैसला करना आसान नहीं होगा. क्या मोहम्मद सिराज को वनडे टीम से ड्रॉप किया जाएगा? बुमराह को आराम दिया जाएगा या फिर वह खेलते नजर आएंगे? अंशुल कंबोज को मौका मिलेगा या नहीं? आकिब नबी क्या चयनकर्ताओं को प्रभावित कर पाए हैं? ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब फैंस को स्क्वाड सामने आने के बाद ही मिलेगा.
टी20 सीरीज के लिए स्क्वाड में कौन-कौन?
बात अगर टी20 टीम की करें तो सबकी निगाहें जिस खिलाड़ी पर होंगी वह हैं भुवनेश्वर कुमार. भुवी ने कमबैक के बाद बहुत बेहतर प्रदर्शन नहीं किया है. दूसरा पहलू यह भी है कि पिचें पूरी तरह से सपाट थीं. ऐसे में क्या उन पर भरोसा बरकार रखा जाएगा?
अगर हर्षित को टी20 टीम में भी शामिल किया जाता है तो कौन बाहर होगा. मयंक यादव क्या अपनी जगह बचा पाएंगे. इस पर भी नजरें होंगी. हालांकि, संभावना अधिक है कि बुमराह वनडे सीरीज खेलें और टी20 सीरीज के लिए उन्हें आराम दिया जाए. चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जो टी20 टीम चुनी थी, उसके अधिकतर खिलाड़ी बरकरार रह सकते हैं.
वनडे सीरीज के लिए संभावित भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, इशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, नमन धीर, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकिब नबी
टी20 सीरीज के लिए संभावित भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, हर्षित राणा, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं