विज्ञापन

Delhi News: जेसीबी, पुलिस की मुस्तैदी..करोल बाग बस हादसे में यूं बची कई लोगों की जान

करोल बाग में हुए बस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है. जयपुर से फतेहपुरी जा रही थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया.

Delhi News: जेसीबी, पुलिस की मुस्तैदी..करोल बाग बस हादसे में यूं बची कई लोगों की जान
करोल बाग में बस हादसा
  • दिल्ली के करोल बाग में हुए बस हादसे में दो लोगों की जान चली गई है
  • दिल्ली पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही तुरंत एक्टिव हुई
  • पुलिस ने पास से गुजर रहे जेसीबी की मदद से पलटी बस को उठाया, कई लोगों की बची जान
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात बड़ा बस हादसा हो गया. टूरिस्ट स्लीपर बस के अचानक पलटने के कारण चारों तरफ चीख पुकार मच गई. इस हादसे में 23 यात्री घायल हुए हैं जबकि 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस हादसे में कई और लोगों को जान जा सकती थी लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण लोगों की जान बचाई जा सकी. घटना की सूचना मिलते ही करोल बाग थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. संयोग की बात थी कि घटनास्थल के पास से ही एक जेसीबी मशीन गुजर रही थी. पुलिस ने तुरंत उसे रुकवाया और पलटी बस को सीधी करवाकर उसे भारी सीमेंट ब्लॉक्स के जरिए सहारा दिया गया. जिससे बस दोबारा नहीं पलटे. इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. 

तड़के हुआ हादसा 

घटना 25 मार्च 2026 तड़के 1 बजकर 5 मिनट की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि करोल बाग के हनुमान मंदिर में चेम्बरी के पास एक टूरिस्ट बस पलट गई है. इसमें सवार कई यात्री घायल हो गए. बस जयपुर के सदर बाजार से फतेहपुरी की तरफ जा रही थी. बस में करीब 30 यात्री सवार थे. सूचना मिलते ही करोल बाग थाना प्रभारी  अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ अजमल खान रोड पर तैनात पिकेट स्टाफ और नाइट पेट्रोलिंग टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने देखा कि बस पूरी तरह पलटी हुई है और अंदर फंसे यात्री मदद के लिए चिल्ला रहे हैं.

दुर्घटना में 2 लोगों की मौत 

इस दर्दनाक हादसे में 23 यात्री घायल हो गए, जबकि 2 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस गंभीर स्थिति में पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत एक गुजर रहे जेसीबी वाहन को रुकवाया. जेसीबी की मदद से बस को हल्का उठाकर सड़क किनारे पड़े भारी सीमेंट ब्लॉक्स से सहारा दिया गया, ताकि बस दोबारा न पलटे. इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.

पढ़ें, दिल्ली के करोल बाग में झंडेवालान मंदिर के पास बड़ा बस हादसा, 2 लोगों की मौत; 23 घायल

घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया 

सबसे पहले करीब 10 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एंबुलेंस की मदद से सर गंगा राम अस्पताल पहुंचाया गया. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज किया. एसीपी करोल बाग भानुप्रिया, प्रसाद नगर और नबी करीम थानों के एसएचओ भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए. कड़ी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. कुल 23 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें 12 को राम मनोहर लोहिया अस्पताल, 10 को सर गंगा राम अस्पताल और 1 को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान दो पुरुष यात्रियों की मौत हो गई. मृतकों में एक की पहचान 30 साल के शहबाज आलम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के धामपुर गांव का रहने वाले थे. दूसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिसकी उम्र करीब 25 से 26 साल बताई जा रही है. पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी हुई है.

बस ड्राइवर हिरासत में 

बस ड्राइवर पंकज कुमार (26), जो राजस्थान के अलवर का रहने वाला है, को हिरासत में लिया गया है. वह भी हादसे में घायल हुआ है और फिलहाल लेडी हार्डिंग अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल मामले की जांच जारी है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जांच में लापरवाही या तेज रफ्तार की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पूरी जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com