विज्ञापन
This Article is From Aug 19, 2020

दिल्ली मेट्रो ने पेश की ऑटो-टॉपअप सुविधा, AFC गेट पर अपने आप रिचार्ज हो जाएगा स्मार्ट कार्ड

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली मेट्रो के यात्री अब एक इस नए तरह के स्मार्ट कार्ड की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे."

दिल्ली मेट्रो ने पेश की ऑटो-टॉपअप सुविधा, AFC गेट पर अपने आप रिचार्ज हो जाएगा स्मार्ट कार्ड
दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के स्मार्ट कार्ड एएफसी गेट पर स्वत: ही रिचार्ज हो जाएंगे
नई दिल्ली:

दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) ने यात्रियों के लिए अधिक ई-लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को घोषणा की कि एक नयी सुविधा से यात्रियों के स्मार्ट कार्ड स्वचालित किराया संग्रह (AFC) गेट पर स्वत: ही रिचार्ज हो जाएंगे. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली मेट्रो की सेवा जब भी शुरू होगी यह सुविधा दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (DMRC) के पूरे नेटवर्क पर इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होगी. दिल्ली मेट्रो की सेवा कोविड-19 स्थिति (Coronavirus) के चलते 22 मार्च से बंद है. 

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली मेट्रो के यात्री अब एक इस नए तरह के स्मार्ट कार्ड की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे, जो ऑटो-टॉपअप सुविधा के साथ आता है. इससे उनके स्मार्ट कार्ड मेट्रो स्टेशनों के एएफसी गेट पर स्वत: ही रिचार्ज हो सकेंगे.'' डीएमआरसी ने कहा कि ग्राहकों के लिए यह नया स्मार्ट कार्ड ''ऑटोप'' ऐप के माध्यम से उपलब्ध है, जिसे विशेष रूप से इस उद्देश्य के लिए विकसित किया गया है. अधिकारियों ने कहा कि डीएमआरसी द्वारा जारी पुराने स्मार्ट कार्ड को भी इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए अद्यतन किया जा सकता है. 

डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने कहा कि यह पहल दिल्ली मेट्रो के यात्रियों के बीच नकदी रहित लेनदेन को बढ़ावा देने की डीएमआरसी की प्रतिबद्धता के अनुरूप है. बयान के अनुसार ''ऑटोप'' द्वारा जारी नए स्मार्ट कार्ड में जब भी राशि 100 रुपये से कम होगी तो ऑटो टॉप-अप सुविधा काम करेगी और स्मार्टकार्ड एएफसी प्रवेश द्वार पर 200 रुपये से रिचार्ज हो जाएंगे. बयान में कहा गया है कि ''ऑटोप'', ग्राहक के लिंक किए गए कार्ड या बैंक खाते से राशि प्राप्त करेगा. 

वीडियो: गृह मंत्रालय ने अर्धसैनिक बलों को आगामी भर्ती में ट्रांसजेंडर श्रेणी में शामिल करने पर राय मांगी

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro, DMRC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com