- दिल्ली के रोहिणी में भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई
- मलबे से 32 साल के सद्दाम नामक मजदूर को जीवित बचाया गया जबकि तीन अन्य की मौत हो गई
- हादसे के बाद NDRF, DFS, TPDDL समेत कई एजेंसियों ने राहत और बचाव अभियान चलाकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया
दिल्ली के रोहिणी इलाके में बुधवार को ढही निर्माणाधीन इमारत के मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई है. पूरी रात राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जिसके बाद दो और शव बरामद किए गए. यह हादसा रोहिणी सेक्टर 26 में बुधवार को हुआ था. एक नई इमारत गिरने के बाद NDRF, DFS, TPDDL और दूसरी एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया था.
बचाव अभियान के दौरान, 32 साल के सद्दाम उर्फ रवि नाम के एक मजदूर को मलबे से जिंदा निकाला गया. वहीं पेशे से दर्जी 42 साल के राम, 24 साल के मजदूर काफे उर्फ नूरुल, बिल्डिंग के मालिक के 62 साल के पिता रामदुआ की मौत हो गई. राहत और बचाव अभियान लगभर पूरा हो चुका है. हालांकि मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है. पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की है.
Four dead in yesterday's building collapse incident in Rohini's Sector 26 under PS KN Katju Marg area.
— ANI (@ANI) July 9, 2026
The incident involves a newly constructed building at G4/151-152. A rescue operation was carried out by NDRF, DFS, TPDDL and other civic agencies.
During the rescue…
तेज बारिश से ढही निर्माणाधीन इमारत
बता दें कि बुधवार शाम भारी बारिश के दौरान निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत ढह गई थी. एक डीएफएस अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन कर्मियों ने मलबे से पहले तीन लोगों को बाहर निकाला, इनमें से दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक घायल का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.अग्निशमन कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को मलबे से निकाल लिया था, लेकिन अस्पताल में उसे भी मृत घोषित कर दिया गया. इस हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है.
बचाव अभियान पूरा हो चुका है, लेकिन डीएफएस की टीम अब भी मौके पर मौजूद है. यह हादसा बुधवार शाम 4 बजकर 20 मिनट पर सेक्टर-16 स्थित नगर निगम के एक स्कूल के पास हुआ. निकाय की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के मुताबिक, जी-4/152 और जी-4/153 नंबर की संपत्तियां इस घटना में प्रभावित हुई हैं.
‘प्लंबिंग' के काम के दौरान गिरी इमारत
इसके बाद पुलिस, डीएफएस, एनडीआरएफ, एमसीडी, राजस्व विभाग और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाकर मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी लगाई थी. यह इमारत हाल में बनाई गई थी और इसके नक्शे ‘सरल' योजना के तहत स्वीकृत किए गए थे. नगर निगम के प्रारंभिक आकलन के मुताबिक, हादसे के समय इमारत में ‘प्लंबिंग' (भवनों में जल आपूर्ति और अपशिष्ट निकासी के लिए पाइप और उपकरण स्थापित करना और उनका रखरखाव करना) का काम किया जा रहा था.एमसीडी ने स्पष्ट किया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. बिल्डिंग मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. क्या इमारत बनाने में स्वीकृत भवन नक्शों के साथ ही सभी नियमों का पालन किया गया था, इसकी जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें-दिल्ली के रोहिणी में भारी बारिश के कारण अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग गिरी, हादसे में 1 की मौत और 3 घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं