विज्ञापन
This Article is From Mar 20, 2025

दिल्ली: मंत्रियों को सरकारी आवास का आवंटन शुरू, मुख्यमंत्री आवास का चयन अभी बाकी

एक सरकारी सूत्र के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी विभाग मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली सचिवालय के पास एक उपयुक्त बंगले की तलाश कर रहा है. सूत्र ने बताया, "लुटियंस दिल्ली में कुछ बंगले देखे गए हैं, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है."

दिल्ली: मंत्रियों को सरकारी आवास का आवंटन शुरू, मुख्यमंत्री आवास का चयन अभी बाकी
नई दिल्ली:

दिल्ली की नवगठित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के मंत्रियों को सरकारी आवासों का आवंटन शुरू हो गया हालांकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए उपयुक्त आवास की तलाश अब भी जारी है. आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सभी मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और विपक्ष के नेता को सरकारी आवास की पेशकश की है.

एक सरकारी सूत्र के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी विभाग मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली सचिवालय के पास एक उपयुक्त बंगले की तलाश कर रहा है. सूत्र ने बताया, "लुटियंस दिल्ली में कुछ बंगले देखे गए हैं, लेकिन अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है."

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता फिलहाल शालीमार बाग स्थित अपने आवास में रह रही हैं. दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें राज निवास के नजदीक सिविल लाइंस इलाके में एक बंगला आवंटित किया गया है. बिष्ट ने कहा, "मैं नवरात्रि के दौरान अपने आधिकारिक आवास में जाऊंगा."

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को लुटियंस दिल्ली में तिलक मार्ग स्थित बंगला फिर से आवंटित किया गया है, जहां वह पहले से रह रहे हैं. उन्हें विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर यह बंगला आवंटित किया गया था. सूत्रों के मुताबिक, कुछ अन्य मंत्रियों ने भी लुटियंस दिल्ली में आवास को प्राथमिकता दी है. उन्होंने बताया कि गृह मंत्री आशीष सूद को चाणक्यपुरी में बंगला आवंटित किया गया है.

सूत्रों के अनुसार, तीन अन्य मंत्रियों कपिल मिश्रा, पंकज सिंह और रवींद्र इंद्राज को सिविल लाइंस में शामनाथ मार्ग पर बंगले आवंटित किए गए हैं. उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यू मंत्री प्रवेश वर्मा के लुटियंस दिल्ली के विंडसर प्लेस में अपना मौजूदा आवास बरकरार रखने की संभावना है, जो उन्हें सांसद के तौर पर आवंटित किया गया था. सूत्रों ने बताया कि पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को भी कई विकल्प दिए गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई आ‍वास स्वीकार नहीं किया है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Government Accommodation Allotment, CM Accommodation Awaited, Delhi Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com