विज्ञापन

शिमला की सड़कों पर कांग्रेस नेताओं की वजह से क्यों आमने-सामने आई दिल्ली-हिमाचल पुलिस? आखिर ये माजरा क्या है

दिल्ली में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन के बाद से पुलिस देशभर से गिरफ्तारियों कर रही हैं. इसी बीच दिल्ली पुलिस की एक टीम तीन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने शिमला पहुंची लेकिन यहां उनका सामना हिमाचल पुलिस से हो गया.

शिमला की सड़कों पर कांग्रेस नेताओं की वजह से क्यों आमने-सामने आई दिल्ली-हिमाचल पुलिस? आखिर ये माजरा क्या है
  • दिल्ली के भारत मंडपम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन के बाद पुलिस लगातार गिरफ्तारियां कर रही है
  • दिल्ली पुलिस की टीम ने शिमला के रोहरू से तीन यूथ कांग्रेस अधिकारियों को गिरफ्तार किया था
  • सोलन पुलिस ने धर्मपुर में दिल्ली पुलिस की टीम को रोका और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को छुड़ाकर शिमला ले गई
शिमला:

दिल्ली के भारत मंडपम में हुई AI इम्पैक्ट समिट के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन पर बवाल बढ़ता जा रहा है. इस मामले में दिल्ली पुलिस लगातार गिरफ्तारियां कर रही हैं. इसी बीच बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस और हिमाचल पुलिस आमने-सामने आ गईं. दरअसल, दिल्ली पुलिस शिमला के रोहरू से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पकड़ने गई थी. पुलिस ने उन्हें पकड़ भी लिया लेकिन हिमाचल पुलिस ने उन्हें छुड़ा लिया. हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की है.

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के 20 जवानों की टीम ने शिमला के रोहरू से यूथ कांग्रेस के तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया.  लेकिन सोलन के धर्मपुर में पुलिस ने नाका लगाकर उन्हें छुड़ा लिया. सुबह 10 बजे दिल्ली पुलिस की टीम जैसे ही धर्मपुर पहुंची, सोलन पुलिस ने उन्हें रोक लिया. इसके बाद सोलन पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को छुड़ाकर शिमला ले गई.

बताया जा रहा है कि ऊपर से मिले आदेशों के बाद सोलन पुलिस ने ये कार्रवाई की. हालांकि, अधिकारी इस मामले पर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. उनका कहना है कि यह रूटीन प्रोसेस है. 

बताया जा रहा है कि सोलन पुलिस ने धर्मपुर में दिल्ली पुलिस और कांग्रेस के तीनों कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया. इसके बाद दिल्ली पुलिस, सोलन पुलिस और कांग्रेस के तीनों कार्यकर्ता शिमला कोर्ट पहुंचे. दावा किया जा रहा है कि शिमला की कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को तीनों कांग्रेसियों की ट्रांजिट रिमांड दे दी है. कोर्ट से दिल्ली पुलिस की टीम तीनों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को बाहर ले जाती दिख रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Youth Congress, Youth Congress AI Summit, Shirtless Protest, Ai Summit, Delhi Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com