- दिल्ली में एक महिला से गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है
- महिला ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है
- पुलिस परिवारिक विवाद और रंगदारी की धमकी के बीच संबंध की भी जांच कर रही है
विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी रंगदारी मांगी गई है. गैंगस्टर के नाम पर एक महिला से 200 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला को विदेशी नंबर से कॉल करने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए 200 करोड़ रुपये की एक्सटॉर्शन मनी मांगी. परेशान महिला ने मामले की शिकायत दिल्ली पुलिस से की.
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, अगर शुरुआती जानकारी की पुष्टि होती है तो दिल्ली में रंगदारी के मामले में अब तक मांगी गई यह सबसे बड़ी रकम होगी. इसे लेकर नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई है. वहीं पुलिस ने विदेशी नंबर से आई कॉल और रंगदारी की मांग की जांच शुरू कर दी है. जिला पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल भी इस मामले की जांच में जुट गई है.
महिला से मांगी 200 करोड़ की रंगदारी
पुलिस के मुताबिक, महिला ने शिकायत में बताया कि उसे विदेशी नंबर से एक्सटॉर्शन के लिए कॉल आई थी. कॉल में बड़ी रकम की मांग की गई. हालांकि, पुलिस ने यह भी साफ किया है कि शिकायतकर्ता की तरफ से बताई गई रकम को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है, इसलिए पुलिस फिलहाल रंगदारी में मांगी गई रकम और कॉल से जुड़े तमाम तथ्यों की पुष्टि कर रही है.
पारिवारिक विवाद के बीच रंगदारी की जांच
इस मामले का एक अहम पहलू यह भी है कि शिकायतकर्ता के परिवार में ससुर की मौत के बाद से पारिवारिक विवाद चल रहा है. पुलिस अब इस पारिवारिक विवाद और रंगदारी की धमकी के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही है. यानी पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी और 200 करोड़ रुपये की मांग के पीछे वास्तव में किसी गैंग का हाथ है या फिर किसी ने गैंगस्टर के नाम का इस्तेमाल करके महिला को डराने और पैसे ऐंठने की कोशिश की है.
गोल्डी बराड़ के नाम पर मांगी बड़ी रंगदारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मामले के सभी तथ्य अभी जांच के स्तर पर हैं. विदेशी नंबर से आई कॉल, कॉल करने वाले की पहचान, गोल्डी बराड़ के नाम के इस्तेमाल और मांगी गई रकम समेत तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है. स्पेशल सेल के जांच में शामिल होने के बाद अब इस एंगल पर भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं इस कॉल का कनेक्शन पंजाब के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नेटवर्क या विदेश में बैठे किसी गैंग से तो नहीं है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस कॉल के सोर्स, इस्तेमाल किए गए नंबर और बातचीत से जुड़े डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है.फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि मामले के तथ्य वेरिफिकेशन के अधीन हैं और आगे की जांच जारी है. इसलिए 200 करोड़ रुपये की रकम और कॉल करने वाले की गोल्डी बराड़ से वास्तविक कनेक्शन की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.
ये Video भी देखें:|गोल्डी बराड़ को सनसनीखेज दावा, ऑडियो लीक, बोला- 'इसलिए निज्जर को मारना पड़ा...' | BJP | Samajwadi | Syed Suhail| TOP NEWS
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं