शहर में बेतरतीब और अवैध पार्किंग की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है. कमर्शियल एरिया से लेकर रेजिडेंशियल सेक्टर और बाजारों तक सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहन खड़े दिखाई देते हैं. कई जगहों पर पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे जाम, अतिक्रमण और सुरक्षा संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं.
जगत फार्म से जिला कलेक्ट्रेट रोड तक, कई इलाकों में परेशानी
ग्रेटर नोएडा के व्यस्त इलाकों में जगत फार्म, रामपुर मार्केट, सूरजपुर गोलचक्कर और जिला कलेक्ट्रेट रोड प्रमुख हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, कामकाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पहुंचते हैं. पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण इन इलाकों में सड़क किनारे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और यातायात प्रभावित होता है.

नो पार्किंग बोर्ड के बावजूद सूरजपुर गोलचक्कर पर ऑटो का जमावड़ा
सूरजपुर गोलचक्कर पर नो पार्किंग का बोर्ड लगा होने के बावजूद सड़क किनारे ऑटो रिक्शा बड़ी संख्या में खड़े रहते हैं. ऑटो के इस जमावड़े के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाता है और यहां अक्सर यातायात धीमा होने के साथ जाम की स्थिति बन जाती है. स्थानीय स्तर पर यह समस्या लंबे समय से देखने को मिल रही है.

रामपुर मार्केट में सड़क पर खड़े वाहन बढ़ा रहे जाम
रामपुर मार्केट में भी नो पार्किंग के बोर्ड लगे हुए हैं, लेकिन बाजार आने वाले कई लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर खरीदारी के लिए चले जाते हैं. इसके कारण सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और गुजरने वाले दूसरे वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. व्यस्त समय में यहां जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है.
कलेक्ट्रेट रोड पर पार्किंग की कमी बनी बड़ी समस्या
जिला कलेक्ट्रेट के बाहर भी पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े किए जाते हैं. इससे कलेक्ट्रेट आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी जाम का सामना करना पड़ता है.

अल्फा-1 और गौर सिटी मॉल के आसपास भी पार्किंग चुनौती
ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 मार्केट और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी मॉल के आसपास भी पार्किंग और सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने की समस्या सामने आती रही है. बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ मौजूदा पार्किंग व्यवस्था पर दबाव भी बढ़ रहा है.
प्राधिकरण ने नहीं दिया पार्किंग का कोई टेंडर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, अभी तक प्राधिकरण की ओर से किसी को भी पार्किंग का टेंडर नहीं दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल शहर में कहीं भी पार्किंग शुल्क वसूलने की व्यवस्था नहीं है. हालांकि, अवैध और बेतरतीब पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए अब नई व्यवस्था तैयार की जा रही है.

जल्द आएगा स्मार्ट पेड पार्किंग सिस्टम
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण शहर में स्मार्ट पेड पार्किंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी. प्राधिकरण ने परियोजना के लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) भी आमंत्रित किया है. चयनित एजेंसी शहर के अलग-अलग सेक्टरों में पार्किंग स्थलों का सर्वे करेगी और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता का पूरा विवरण तैयार करेगी.
सेंसर, CCTV और स्मार्ट साइनेज से होगी निगरानी
प्रस्तावित स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था के तहत बैरियर, सेंसर, CCTV कैमरे, स्मार्ट साइनेज और ऑटोमेटेड पे-एंड-पार्क कियोस्क लगाए जाएंगे. इसका उद्देश्य पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करने के साथ-साथ वाहनों की निगरानी को बेहतर बनाना है.
मोबाइल ऐप से मिलेगी पार्किंग की रियल टाइम जानकारी
नई व्यवस्था में लोगों को पार्किंग की रियल टाइम उपलब्धता की जानकारी मिल सकेगी. इसके लिए मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल विकसित किया जाएगा, जिसके जरिए पार्किंग बुकिंग और डिजिटल पेमेंट की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है. इससे लोगों को पार्किंग तलाशने में लगने वाला समय भी कम हो सकता है.
इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से जुड़ेगा पार्किंग डेटा
प्राधिकरण के मुताबिक, पार्किंग से जुड़ा पूरा डेटा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा. इससे शहर में पार्किंग व्यवस्था की निगरानी और प्रबंधन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा. पार्किंग से होने वाली आय को तय व्यवस्था के तहत प्राधिकरण और चयनित एजेंसी के बीच साझा किया जाएगा.
ट्रैफिक पुलिस भी कर रही लगातार कार्रवाई
वहीं, डीसीपी ट्रैफिक नोएडा पुलिस अभय कुमार मिश्रा के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिस लगातार नो पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. अगस्त महीने में नो पार्किंग के 18,124 चालान किए गए, जबकि विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के 16,642 चालान किए गए.
यह भी पढ़ें: पार्किंग माफिया सीरीज 7: दिल्ली के द्वारका में साइकिल ट्रैक पर कारों का कब्जा,, जाम और अव्यवस्था से लोग परेशान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं