दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर मीठापुर से महारानी बाग तक करीब 9 किलोमीटर लंबा दोनों तरफ का रास्ता खोल दिया गया है. इसको लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फरीदाबाद को एक नई लाइफलाइन दी है. इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से फरीदाबाद से दिल्ली की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी. उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी जोड़ा जा रहा है. आने वाले समय में फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक का सफर करीब 30 मिनट में ही पूरा कर लिया जाएगा. वहीं दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के मझावली से ग्रेटर नोएडा तक के हिस्से को भी जल्द शुरू किए जाने की बात केंद्रीय राज्य मंत्री ने कही है.
दिल्ली-NCR के लिए फायदेमंद
अभी तक फरीदाबाद और मीठापुर से रिंग रोड, आश्रम या महारानी बाग आने वाले लोगों को बदरपुर बॉर्डर, मथुरा रोड और आश्रम चौराहे के भारी जाम का सामना करना पड़ता था. इस 9 किलोमीटर की दूरी को तय करने में लोगों का औसतन 40 से 50 मिनट का समय बर्बाद होता था. केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के मुताबिक इस 6-लेन के नए एलिवेटेड रूट के चालू हो जाने के बाद अब यह सफर महज 10 से 15 मिनट में सिमट जाएगा. यह दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी के लिए एक नई लाइफलाइन साबित होने जा रहा है.
नोएडा के जेवर एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी
इस मार्ग के खुलने से दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच सफर करने वाले यात्रियों को रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से हमेशा के लिए आजादी मिल जाएगी. वहीं फरीदाबाद को सीधे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से जोड़ने का काम भी तेजी से चल रहा है. इसके पूरा होने के बाद फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट की दूरी महज 30 मिनट में तय की जा सकेगी. ऐसे में लोगों को आने जाने में फायदा होगा.
300 करोड़ से तैयार होगा रेलवे स्टेशन
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से फरीदाबाद को केवल बेहतर कनेक्टिविटी ही नहीं बल्कि कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी गई है. उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मौजूदा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार फरीदाबाद के विकास के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने रेलवे के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया. गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में रेलवे फाटकों को खत्म किया गया है और करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का रेलवे स्टेशन तैयार किया जा रहा है. फरीदाबाद में आने वाले समय में कनेक्टिविटी और विकास के कई बड़े प्रोजेक्ट धरातल पर दिखाई देंगे.
ये भी पढ़ेंः दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे कुछ समय के लिए बंद, विकास मार्ग और अक्षरधाम से जाने वाले यात्री ध्यान दें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं