- हरियाणा के फरीदाबाद में डोमिनोज पिज्जा स्टोर के मैनेजर नितेश कुमार के साथ पानी न देने पर मारपीट हुई है.
- आरोप है कि मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी भी मौजूद थे लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी.
- घटना सेक्टर-12 में हुई और सीसीटीवी कैमरे में युवक द्वारा मैनेजर को मारते हुए पूरी घटना कैद हुई है.
हरियाणा के फरीदाबाद डोमिनोज पिज्जा स्टोर के मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना सेक्टर-12 की बताई जा रही है, जहां पानी न देने पर मारपीट की गई है. आरोपियों ने स्टोर में अंदर घुसकर मैनेजर को थप्पड़ मारे. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें युवक मैनेजर को मारते हुए नजर आ रहे हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित मैनेजर का आरोप है कि घटना के समय वहां पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन वे सिर्फ देखते रहे. उन्होंने पुलिस के सा मने भी मारपीट की, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई. ऐसे में फरीदाबाद का यह मामला चर्चा में बना हुआ है.
पानी मांगने पर हुआ विवाद
यह पूरा विवाद पानी मांगने पर शुरू हुआ है. डोमिनोज पिज्जा स्टोर के मैनेजर नितेश कुमार के साथ मारपीट हुई है. नितेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं और फिलहाल फरीदाबाद के विनय नगर सेक्टर-31 में रहते हैं. वह पिछले एक साल से सेक्टर-12 स्थित डोमिनोज आउटलेट में मैनेजर के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वह दिल्ली में नौकरी करते थे. नितेश के मुताबिक घटना के समय वह एक कर्मचारी के साथ स्टोर में काम कर रहे थे. बाकी तीन कर्मचारी ऑर्डर सप्लाई करने बाहर गए हुए थे. इसी दौरान अजय नाम का एक व्यक्ति स्टोर पर आया और पानी मांगा. कर्मचारी कम होने और काम में व्यस्त होने के कारण उनकी आवाज अंदर तक नहीं पहुंची. बस इसी बात को लेकर युवक ने विवाद शुरू कर दिया.
नितेश का आरोप है कि घटना 2 नवंबर की रात की है, तभी पुलिस को फोन कर बुलाया था. इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है. उनका दावा है कि पुलिस के सामने भी उनके साथ मारपीट की गई, लेकिन पुलिसकर्मी खड़े रहे. इसके बाद उन्होंने मामले की लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है.
फरीदाबाद पुलिस करेगी मामले की जांच
फरीदाबाद के सेंट्रल थाना प्रभारी सतबीर ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं: सोनीपत में प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या, मृतक को लगीं 4 बुलेट; रोहित गोदारा गैंग ने ली जिम्मेदारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं