विज्ञापन
This Article is From Mar 05, 2017

दिल्ली में मथुरा रोड से सटकर सुरंगें बनाने की योजना अटकी, प्रस्ताव वापस लिया

दिल्ली में मथुरा रोड से सटकर सुरंगें बनाने की योजना अटकी, प्रस्ताव वापस लिया
दिल्ली के पुराने किले के समीप सुरंगें बनाने का प्रस्ताव वापस ले लिया गया है.
  • दिल्ली सरकार ने दो सुरंगों के निर्माण का प्रस्ताव वापस लिया
  • ऐतिहासिक स्थलों के दायरे में आने के कारण लिया फैसला
  • सुरंगों के लिए वैकल्पिक स्थानों पर किया जा रहा विचार
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में मथुरा रोड के आसपास की सड़कों पर यातायात पूर्ववत रहेगा, यानी कि जाम की समस्या निकट भविष्य में सुलझने की संभावना नहीं है. इस इलाके में सुरंगों के निर्माण का प्रस्ताव दिल्ली सरकार ने वापस ले लिया है. क्षेत्र में यातायात का घनत्व कम करने के लिए यह प्रस्ताव लाया गया था. बताया जाता है कि सुरंगें ऐतिहासिक इमारतों के दायरे में आने के कारण यह प्रस्ताव वापस लिया गया है. अब  इसके विकल्पों पर विचार किया जा रहा है. सुरंगों के स्थान में बदलाव किया जाएगा और इसका नया प्रस्ताव बनेगा. स्वाभाविक रूप से इस प्रक्रिया में समय लगेगा और तब तक मथुरा रोड और इससे सटे इलाके में ट्रैफिक समस्या से जूझते रहेंगे.    

बताया जाता है कि दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने दो सुरंगों के निर्माण का प्रस्ताव वापस ले लिया है. मथुरा रोड और इसके आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के मकसद से दो सुरंगों के निर्माण का प्रस्ताव था. यह फैसला तब किया गया जब एक व्यवहार्यता अध्ययन में पाया गया कि दोनों प्रस्तावित सुरंगें संरक्षित स्मारक पुराना किला और दिल्ली उच्च न्यायालय के पास के एक ऐतिहासिक ढांचे के 100 मीटर के दायरे में आती हैं .

इन सुरंगों का निर्माण मथुरा रोड-भैरों मार्ग और शेरशाह रोड पर टी-पॉइंट पर किया जाना था ताकि आईटीपीओ की ओर से प्रगति मैदान में कन्वेंशन सेंटर बनाए जाने के मद्देनजर रिंग रोड से आने वाले ट्रैफिक को सुगम बनाया जा सके. पीडब्ल्यूडी ने इन इलाकों में सुरंगें बनाने के लिए अब अन्य विकल्पों पर विचार करने का फैसला किया है ताकि सुरंगें ऐतिहासिक स्मारकों के दायरे में न आएं.

पीडब्लूडी के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार ‘‘विभाग के अध्ययन के दौरान पाया गया कि दोनों प्रस्तावित सुरंगें संरक्षित पुराना किला और दिल्ली उच्च न्यायालय के पास के एक ऐतिहासिक ढांचे के 100 मीटर के दायरे में आती हैं.’’ उन्होंने बताया, ‘‘इसी के मद्देनजर, हमने सुरंग बनाने का प्रस्ताव वापस ले लिया और अब अन्य विकल्पों पर विचार कर रहे हैं ताकि प्रस्तावित सुरंगों का निर्माण पास की किन्हीं और जगहों पर किया जा सके.’’
(इनपुट एजेंसी से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दिल्ली, Delhi, मथुरा रोड, Mathura Road, सुरंग निर्माण, Tunnel Construction, प्रस्ताव वापस, Praposal Withdrown
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com