विज्ञापन

दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के शामली इंटरचेंज पर हुए गड्ढे, ढाई महीने में ही हालत खराब

दिल्ली से देहरादून जाने वाला यह एक्सप्रेसवे यूपी के कई शहरों से होकर गुजरता है. अभी जो गड्ढे हुए हैं, वह यूपी के शामली में इंटरचेंज के पास हुए हैं.

दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे के शामली इंटरचेंज पर हुए गड्ढे, ढाई महीने में ही हालत खराब
शामली इंटरचेंज के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर हुए गड्ढे.
  • उद्घाटन के ढाई महीने बाद शामली इंटरचेंज के पास लिसाड़ गांव के पास 2-2 फीट गहरे गड्ढे दिखे.
  • कई गाड़ियों के टायर फटे, रिम टूटे, वाहन डैमेज हुए.
  • 14 अप्रैल को 210 KM लंबे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का हुआ था उद्घाटन.

Delhi-Dehradun Expressway Potholes: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के ढाई महीने बाद ही गड्ढे दिखाई देने लगे हैं. जब गड्ढों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो लोग गुणवत्ता पर सवाल करने लगे. 210 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल को हुआ था, जिसको अभी तीन महीने भी नहीं हुए हैं, लेकिन इसमें अभी से दो-दो फीट के गड्ढे होने का दावा किया जा रहा है.

एक्सप्रेसवे के शामली इंटरचेंज के पास लिसाड़ गांव के निकट सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण कई वाहन हादसे का शिकार हो गए. इस दौरान कई गाड़ियों के टायर फट गए, रिम टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई और सभी राहगीर बाल-बाल बच गए.

वायरल वीडियो में कार का रिम टेढ़ा होने का दावा किया गया.

वायरल वीडियो में कार का रिम टेढ़ा होने का किया जा रहा दावा.

तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे के इस हिस्से में अचानक बने गहरे गड्ढों की वजह से तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो गए. कुछ वाहनों को मौके पर ही रोकना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ. वाहन चालकों का कहना है यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं की गई तो यहां बड़ा सड़क हादसा हो सकता है.

गड्ढों की सूचना मिलने के बाद संबंधित एजेंसी और अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई. स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है.

12 हजार करोड़ की लागत से बना एक्सप्रेसवे

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण में अनुमानित लागत लगभग 12,000 करोड़ रुपये आई है. यह दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास से शुरू होकर देहरादून में समाप्त होता है. यह एक्सप्रस-वे बागपत, बरौत, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों से होकर गुजरता है. इसके बनने से दिल्ली-देहरादून के बीच यात्रा का समय 6 घंटे से काफी कम हो गया है.

इस एक्सप्रेसवे में यातायात के सुचारू प्रवाह के लिए सात इंटरचेंज शामिल हैं. इसमें दो रेल ओवरब्रिज और 10 प्रमुख पुल भी हैं.

ये भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गाड़ी चला रहे हैं तो ये 4 गलत‍ियां न करें, पर‍िवहन व‍िभाग ने जारी की जरूरी एडवाइजरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Dehradun Expressway, Delhi Dehradun, Potholes On Road, Expressway Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com