दिल्ली में कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित हुए सबसे पहले शख्स ने इस वायरस की चपेट में आए लोगों को प्राणायाम करने की सलाह दी है. दिल्ली निवासी कारोबारी रोहित दत्ता (45) कोरोना (COVID-19) से संक्रमित हो गए थे. अब वह पूरी तरह से स्वस्थ हैं. उनका दावा है कि प्राणायाम इस बीमारी को हराने में काफी मदद करता है. दत्ता ने कहा कि संक्रमित होने के बाद वह प्राणायाम करते थे और इससे उन्हें काफी राहत मिली.
रोहित दत्ता ने कहा, 'मैं कोरोनावायरस से संक्रमितों को प्राणायाम करने की सलाह दूंगा. बीमारी को मात देने में यह काफी मददगार है. यह एंग्जाइटी लेवल घटाने में मदद करता है.' रोहित 24 फरवरी को यूरोप से लौटे थे. दिल्ली आने के बाद उन्हें हल्का बुखार था. जिसके बाद उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए.
रोहित ने बताया, 'जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के फौरन बाद मुझे क्वारंटाइन कर दिया गया. अस्पताल प्रशासन ने मुझे घर जाने की अनुमति तक नहीं दी. मैं उत्तर भारत में कोरोना का सबसे पहला केस था. सभी डॉक्टर और स्टाफ अच्छी तरह से ट्रेंड थे और उन्हें पता था कि उन्हें क्या करना है.' उन्होंने सभी मरीजों से कहा है कि वह सकारात्मक रहें और सरकार और डॉक्टरों पर विश्वास करें.
उन्होंने कहा, 'अगर आप कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं तो घबराए नहीं. सकारात्मक रहें. सरकार और डॉक्टरों पर भरोसा रखें. किसी भी बीमारी में आपका पॉजिटिव रहना बहुत जरूरी होता है. कोविड-19 की कोई दवाई नहीं है. डॉक्टर भावनात्मक तौर पर मरीजों को सपोर्ट कर रहे हैं. मैं स्वस्थ होने के बाद बहुत धार्मिक हो गया हूं.' रोहित दत्ता ने देशभर में कोरोना वॉरियर्स पर हो रहे हमलों पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि यह दिल तोड़ने वाला है.
VIDEO: जो कोरोना को पराजित कर चुके हैं आज हमें उनसे प्रेरणा लेनी है : PM मोदी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं