- गुरुग्राम की सोसायटी में बास्केटबॉल खेलते समय अचानक बास्केटबॉल का पोल एक लड़के पर गिर पड़ा
- लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
- इस दर्दनाक हादसे के बाद सोसाइटी की मेंटेनेंस पर सवाल उठ रहे हैं
हरियाणा में नवंबर 2025 में बास्केटबॉल पोल गिरने से हुई दो मौतों के बाद भी इस ओर खास ध्यान नहीं दिया जा रहा है. इस लापरवाही के चलते गुरुग्राम में एक और लड़के की जान जोखिम में पड़ गई है. ताजा घटना गुरुग्राम के सेक्टर 84 की अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी की है. यहां पर बास्केटबॉल खेलते समय अचानक बास्केटबॉल का पोल एक लड़के पर गिर पड़ा. इस हादसे में लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस दर्दनाक हादसे के बाद सोसाइटी की मेंटेनेंस पर सवाल उठ रहे हैं.
गुरुग्राम की सोसायटी में बड़ा हादसा
हर सोसायटी में रहने वाले लोग हर महीने अच्छी खासी रकम मेटेंनेंस के लिए भरते हैं. इसके बाद भी कुछ सोसायटी में इस पर खास ध्यान नहीं दिया जाता है. पैसा लेने के बाद भी कई पुरानी चीजों की न तो मरम्मत कराई जाती है और न ही उनको बदला जाता है. इसका खामियाजा यहां रहने वाले लोगों को भुगतना पड़ता है.
हरियाणा के गुरुग्राम में हाईक्लास सोसायटी अंतरिक्ष हाइट्स में बड़ा हादसा, सोसायटी के बास्केटबॉल कोर्ट में प्रैक्टिस मैच खेल रहे खिलाड़ियों के ऊपर अचानक लोहे का भारी-भरकम बास्केटबॉल पोल गिर गया#Haryana pic.twitter.com/3cjnd9PG22
— NDTV India (@ndtvindia) July 21, 2026
बास्केटबॉल पोल गिरने से लड़का गंभीर रूप से घायल
ऐसा ही एक खौफनाक वीडियो गुरुग्राम की एक सोसायटी से सामने आया है. वीडियो में कुछ लड़कों को एक साथ बास्केटबॉल खेलते देखा जा सकता है. करीब 9-10 लड़के खेल में बिजी थे. इसी दौरान एक लड़के के पोल पर पलटते ही अचानक से बास्केटबॉल का पोल नीचे गिर पड़ा. जब तक कुछ समझ आता और वे लोग वहां से हटते, अचानक से नीचे खड़ा एक लड़का उसकी चपेट में आ गया. वक्त रहते वह हट नहीं पाया और पोल के नीचे दब गया.
लड़के के लटकते ही नीचे गिरा पोल
पोल एकदम से सफेद टीशर्ट पहने लड़के के सिर पर जा गिरा. जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वह पूरी तरह पोल के नीचे दब गया. वहां मौजूद दूसरे लड़के तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े. उन्होंने तुरंत पोल हटाया और दबे हुए लड़के को बाहर निकाला. उसे उठाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया. इस हादसे के बाद सोसायटी के मेंटेंनेंस खर्च को लेकर एक बार फिर से गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
पहले भी बास्केटबॉल पोल गिरने से हुई थीं दो मौतें
नवंबर 2025 में भी ऐसी दो घटनाएं सामने आी थीं. प्रैक्टिस के दौरान 2 बास्केटबॉल खिलाड़ियों हार्दिक राठी और अमन की मौत हो गई थी. एक घटना रोहतक तो दूसरी झज्जर की थी. दर्दनाक हादसे के बाद झज्जर और रोहतक के जिला खेल अधिकारियों सस्पेंड कर दिया गया था. इसके साथ ही बास्केटबॉल के सभी पोलों की जांच शुरू की गई थी.
ये भी पढ़ें-दो खिलाड़ियों की मौत के बाद एक्शन में हरियाणा सरकार, बास्केटबॉल पोलों की जांच शुरू, दो अधिकारी सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं