विज्ञापन
This Article is From Aug 01, 2018

AAP में गुरुवार को खुली जंग, खैरा की बैठक के जवाब में केजरीवाल ने भी बैठक बुलाई

आम आदमी पार्टी में गुरुवार को खुली जंग होने वाली है. आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में खुलेआम बगावत होनी तय है.

AAP में गुरुवार को खुली जंग, खैरा की बैठक के जवाब में केजरीवाल ने भी बैठक बुलाई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया. (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी में गुरुवार को खुली जंग होने वाली है. आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई में खुलेआम बगावत होनी तय है. आप नेता और पंजाब में नेता विपक्ष रहे सुखपाल खैरा ने पंजाब के बठिंडा में कन्वेंशन बुलाई है जिसको पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने अवैध बताया है. सिसोदिया ने कहा है कि इसमें जाने वाले नेताओं पर पार्टी कार्रवाई करेगी. हालांकि खैरा और ने साफ़ कर दिया है कि ये कन्वेंशन किसी सूरत में टाला नहीं जाएगा और सारे मुद्दे यहीं साफ़ हो जाएंगे.

यह भी पढ़ें : पंजाब : विपक्ष का नेता बदले जाने पर आम आदमी पार्टी में मतभेद, मनीष सिसोदिया के घर हुई बैठक

साफतौर पर खैरा ने पार्टी के ख़िलाफ़ झंडा बुलंद कर दिया है और ट्वीट करके कहा कि 'हमारी 2 अगस्त की बैठक को पार्टी विरोधी घोषित करके मनीष सिसोदिया ने तानाशाही रवैये के हमारे आरोप को सही ठहराया है. अगर हम पंजाबी पंजाब की मिट्टी में एक साधारण बैठक तक नहीं कर सकते तो हम पंजाब के हितों की रक्षा करेंगे? बठिंडा की AAP बैठक में मुद्दा हमेशा के लिए शांत हो जाएगा.'

यह भी पढ़ें : 'आप' से पहले कांग्रेस के असरदार नेता रहे हैं सुखपाल सिंह खैरा

इधर दिल्ली में पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के विधायकों की बैठक बुलाई है. ये तय माना जा रहा है कि जो विधायक केजरीवाल की गुरुवार सुबह की बैठक में नहीं होंगे वो खैरा की तरफ़ माने जाएंगे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक पार्टी के साथ कुल 20 में से 13 विधायक हैं जो फिलहाल दिल्ली में मौजूद हैं जबकि 7 विधायक खैरा गुट की तरफ़ जा सकते हैं. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज से जब गुरुवार की बठिंडा की बैठक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा 'पार्टी ने फैसला लिया था कि पहले जो नेता विपक्ष थे, उनको हटाकर दूसरे नेता हरपाल सिंह चीमा को नेता विपक्ष बनाया गया था. इससे नाराज़ होकर सुखपाल सिंह खैरा अपने पक्ष में समर्थन जुटाकर दवाब बनाने की कोशिश में हैं.

VIDEO : 'ख़ालिस्तान के मुद्दे पर जनमत संग्रह के बयान से सुखपाल खैरा का इनकार


पार्टी ने पहले ही कह दिया है कि इस तरह की कोई भी मीटिंग को पार्टी विरोधी करार दिया जाएगा और उसी हिसाब से कार्रवाई होगी. आपको बता दें कि बीते हफ़्ते आम आदमी पार्टी ने पंजाब में नेता विपक्ष सुखपाल खैरा की छुट्टी करके हरपाल सिंह चीमा को नेता विपक्ष बनाया था. इसके बाद खैरा और उनके समर्थक इस फैसले का विरोध कर रहे हैं लेकिन पार्टी अपने फैसले पर कायम है. खैरा पर पार्टी तोड़ने की कोशिश और खालिस्तान के लिए जनमत संग्रह का समर्थन करने का आरोप है.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Arvind Kejriwal, Sukhpal Khaira
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com