Aligarh Murder News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. पैसों को लेकर हुए विवाद में एक बहन ने अपने भाई को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. अलीगढ़ के सिविल लाइंस के सर्किल ऑफिसर (CO) सर्वम सिंह ने बताया कि 16-17 अप्रैल की आधी रात क्वार्सी थाने को सूचना मिली थी कि भाई-बहन के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति को चाकू मार दिया.
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो घायल अवस्था में उसे JNMC (जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज) ले गए, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए रखवा दिया है. मामले में जांच की जा रही है, साक्ष्य जुटाने के बाद कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली में भी हुई चाकूबाजी की घटना
दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से भी 5 अप्रैल को चाकूबाजी की घटना सामने आई, जहां 17 साल के एक लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान हसमत के रूप में हुई है. उसे चाकू के कई घावों के साथ BJRM अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
दिल्ली पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई हकीम ने आरोप लगाया कि 5 अप्रैल को शाम करीब 6 बजे जहांगीरपुरी के रामलीला मैदान में दिलशाद, इरफान, इमरान और रिज़बुल ने मिलकर धारदार हथियारों से हसमत पर हमला किया था. शुरुआती जांच से पता चलता है कि यह घटना दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद का नतीजा थी. बताया जा रहा है कि निजी संबंधों से जुड़े मुद्दों और ईद के दौरान हुए विवाद के बाद तनाव बढ़ गया था, जिसके चलते आरोपियों ने यह हमला किया.
ये भी पढ़ें- दिल्ली के अस्पताल में 5वीं मंजिल पर बालकनी की मुंडेर पर चढ़ा मरीज, दे रहा कूदने की धमकी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं