विज्ञापन

पानी मांगा, शराब पिला दी... फिर पीट-पीटकर ले ली जान: पलक्कड़ में मानसिक रूप से बीमार शख्स की निर्मम लिंचिंग

मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर मीनाक्षीपुरम इलाके में घूमता रहता था.

पानी मांगा, शराब पिला दी... फिर पीट-पीटकर ले ली जान: पलक्कड़ में मानसिक रूप से बीमार शख्स की निर्मम लिंचिंग
फाइल फोटो
NDTV

केरल के पलक्कड़ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. मानसिक रूप से बीमार और बेघर एक व्यक्ति ने हमलावरों से पानी मांगा, लेकिन उसे पानी की जगह शराब पिला दी गई. इसके बाद भी युवकों का गुस्सा नहीं थमा और उन्होंने उसे बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया. इस मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी 22 साल से कम उम्र के बताए जा रहे हैं और घटना के वक्त नशे में थे.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है. वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था और अक्सर मीनाक्षीपुरम इलाके में घूमता रहता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति के कारण उसका व्यवहार असामान्य था और वह कई बार सार्वजनिक जगहों पर खुद को अनावृत भी कर देता था, लेकिन वह किसी के लिए हिंसक या खतरनाक नहीं था. 10 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे कुछ स्थानीय लोगों ने उसे अपनी कॉलोनी से भगा दिया था.

बुरी तरह मारा

जांच में सामने आया है कि उस रात सात युवक एक जगह बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान उन्होंने उस व्यक्ति का पीछा करने का फैसला किया. आरोप है कि युवकों ने उसे एक वार्ड सदस्य के घर के पास सड़क पर पकड़ लिया, जो उस जगह से करीब 300 मीटर दूर था जहां बाद में उसका शव मिला. इसके बाद सूखी नारियल की पत्तियों की डंडियों से उसकी पिटाई शुरू कर दी गई.

पुलिस के अनुसार, बुरी तरह घायल होने के बाद जब वह व्यक्ति गिर पड़ा और पानी मांगा, तो आरोपियों ने उसे पानी देने के बजाय शराब या ताड़ी दी. इसके बाद भी हमला जारी रहा. आरोपी उसे दौड़ाते हुए आगे ले गए, रास्ते में एक पेड़ की टहनियां तोड़ीं और उनसे भी उसकी पिटाई की. उस पर लात-घूंसों की बारिश की गई और तब तक हमला किया गया जब तक उसकी हालत बेहद गंभीर नहीं हो गई. बाद में आरोपी उसे वहीं तड़पता छोड़कर चले गए.

किस धारा में कार्रवाई?

अगले दिन मूलथरा बांध के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. शुरुआत में केस को अप्राकृतिक मौत मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत दर्ज किया गया था. हालांकि, जांच और सबूत सामने आने के बाद मामले में हत्या की धारा 302 जोड़ दी गई.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (A1), संजय (A2), मणिकंदन उर्फ गुणाल (A3), काधिरेसन (A4), नवीन (A5), प्रशांत कुमार (A6) और सूर्यप्रकाश (A7) के रूप में हुई है. पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं, मृतक की पहचान के लिए तमिलनाडु में भी विज्ञापन जारी किया गया है, ताकि उसके परिवार या परिजनों तक पहुंचा जा सके.

यह भी पढ़ें: मुस्कान-साहिल को फांसी के बाद इन पुलिसकर्मियों को मिलेगा पुरस्कार, SSP बोले-मृत्युदंड वाला पहला केस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kerela Crime News, Mob Lynched
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com