झारखंड के सरायकेला जिले से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. छह दिनों से लापता दो युवकों की तलाश आखिरकार उनकी मौत की खबर पर जाकर खत्म हुई. आरोप है कि चोरी के शक में दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई और उनकी हत्या करने के बाद शवों को जंगल में जमीन के नीचे दफना दिया. परिजनों ने पहले ही अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा किया और आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से दोनों शव बरामद कर लिए.
प्रभात कुमार की रिपोर्ट...
छह दिन बाद खुला लापता युवकों का राज
कांड्रा थाना क्षेत्र के पिंडाबेड़ा निवासी राहुल हांसदा और खरखावां निवासी तपन प्रधान पिछले छह दिनों से लापता थे. दोनों के परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहे थे और पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और संदिग्ध लोगों से पूछताछ शुरू की.
पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई
जांच के दौरान पुलिस ने रविन्द्र मार्डी और फूलचंद हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में मिली जानकारी ने पूरे मामले की दिशा बदल दी. आरोपियों ने पुलिस को उस जगह की जानकारी दी जहां दोनों युवकों के शव छिपाए गए थे. इसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची.
जंगल में खोदकर निकाले गए शव
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस रपचा जंगल पहुंची. मजिस्ट्रेट सह सीआई बलवंत सिंह की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कराई गई. खुदाई के दौरान दोनों युवकों के शव बरामद हुए. इस कार्रवाई के समय एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज और कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू भी मौजूद रहे. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
दोनों युवकों के शव मिलने की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घरों में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिवार का कहना है कि उन्हें शुरू से ही अनहोनी की आशंका थी और उन्होंने पुलिस को भी इसकी जानकारी दी थी.
जानकारी के मुताबिक, 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे राहुल हांसदा और तपन प्रधान धातकीडीह स्कूल के पास बैठे हुए थे. प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उन्हें कार में बैठाकर गम्हरिया की ओर ले जाया गया.
एक युवक बच निकला, दो का नहीं मिला सुराग
प्रत्यक्षदर्शी सूरज हांसदा किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा. हालांकि राहुल और तपन के बारे में इसके बाद कोई जानकारी नहीं मिल सकी. दोनों के परिवारों ने अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा और खुलासा
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण, हत्या के पीछे की वजह और घटनाक्रम के अन्य पहलुओं पर और स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं