विज्ञापन

कटिहार में बाइक से छू गई थी साइकिल, मामूली कहासुनी के बाद दादी और पोती को सरेआम मार दी गोली

कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र में मामूली सड़क विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक बुजुर्ग महिला और उसकी नाबालिग पोती गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर किया गया है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

कटिहार में बाइक से छू गई थी साइकिल, मामूली कहासुनी के बाद दादी और पोती को सरेआम मार दी गोली
आरोपी की तलाश में पुलिस
  • कटिहार के कदवा थाना क्षेत्र में सड़क विवाद के बाद एक युवक ने फायरिंग कर बुजुर्ग महिला और नाबालिग को घायल किया
  • गोली लगने पर घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से पूर्णिया हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी
  • विवाद बाइक और साइकिल की हल्की टक्कर से शुरू हुआ था, जिसे लेकर गाली‑गलौज और मारपीट बढ़ गई थी

बिहार के कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र में बीती रात एक मामूली सड़क विवाद उस वक्त खौफनाक वारदात में बदल गया, जब गुस्से में आए एक युवक ने फायरिंग कर दी. इस घटना में एक बुजुर्ग महिला और उसकी नाबालिग पोती गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया. फिलहाल दोनों का इलाज पूर्णिया हायर सेंटर में चल रहा है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

कैसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कदवा थाना क्षेत्र के भौगांव की है. पीड़ित परिवार के सदस्य बबलू कुमार सिंह ने बताया कि उनका एक भतीजा बाइक से जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक साइकिल सवार से हल्की टक्कर हो गई. बात मामूली थी, लेकिन इसी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ता चला गया. विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर बबलू सिंह की मां जानकी देवी और 12 वर्षीय भतीजी भी मौके पर पहुंच गईं, ताकि मामला शांत कराया जा सके.

ये भी पढ़ें : 'साहब मेरे पति को ढूंढ दीजिए'... कर्नाटक गया पति 5 महीने से लापता, दो बच्चों संग दर-दर भटक रही उर्मिला

परिजनों का आरोप

परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान पास में रहने वाला सुनील शाह वहां पहुंचा और बिना किसी वजह के गाली‑गलौज करने लगा. बबलू सिंह के अनुसार, उनका किसी से न तो जमीन का कोई विवाद है और न ही कोई पुरानी दुश्मनी. गाली देने से जब मना किया गया तो आरोपी और आक्रोशित हो गया और देखते ही देखते उसने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान गोली जानकी देवी के कमर में जा लगी, जबकि 12 वर्षीय बच्ची के कमर के नीचे गोली लगी. गोली लगते ही दोनों वहीं गिर पड़ीं और मौके पर अफरातफरी मच गई. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे. भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गया.

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद घायलों को आनन‑फानन में उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उन्हें पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिवार वालों का कहना है कि दोनों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. इस गोलीकांड के बाद पूरे भौगांव इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.

स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.

ये भी पढ़ें : Bihar: वार्ड पार्षद के थे दो से अधिक बच्चे, निर्वाचन आयोग ने किया बर्खास्त, FIR भी दर्ज कराने का निर्देश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Katihar Firing Incident, Kadwa Police Station Road Dispute, Grandmother Granddaughter Shot, Bhogaon Firing Case, Katihar Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com