- गुरुग्राम में मॉनसून की पहली बारिश से लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति
- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर लगा 8 किलोमीटर लंबा जाम
- जगह-जगह जलभराव से लोग हो रहे परेशान
एक घंटे की बारिश और साइबर सिटी गुरुग्राम (Gurugram) 'समंदर' बन जाता है. गोल्फ कोर्स रोड, इफको चौक, सिकंदरपुर और साइबर हब जैसी जगहें हर मानसून में पानी-पानी हो जाती हैं. करोड़ों के इंफ्रास्ट्रक्चर के बावजूद हर साल एक जैसी तस्वीरें क्यों? जानकारों की मानें तो गुरुग्राम के डूबने के पीछे सिर्फ बारिश नहीं, बल्कि और भी बड़ी वजहें हैं.
नेचुरल ड्रेनेज खत्म
गुरुग्राम में पहले बारिश का पानी नजफगढ़ झील और बादशाहपुर नाले में जाता था, लेकिन बिल्डरों और अवैध कब्जों के कारण ज्यादातर नाले बंद हो या तो सिकुड़ गए. ऐसे में हर मानसून में बारिश का ये पानी सड़कों पर भर जाता है. इसका खामियाजा सीधे तौर पर आम जनता को उठाना पड़ता है.

'कंक्रीट का जंगल'
गुरुग्राम में हाईराइज सोसाइटीज, ऑफिस और पार्किंग बनने की वजह से पानी जमीन में नहीं जा पाता. महज एक घंटे की बारिश में सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं.
ड्रेनेज सिस्टम का फेल होना
गुरुग्राम में ज्यादातर नाले कचरे से भरे हैं. मानसून से पहले सफाई के नाम पर खानापूर्ति होती है, लेकिन हालात जस के तस ही बने रहते हैं. नतीजा ये होता है कि बारिश का पानी इन नालों में नहीं जा पाता है और सड़क पर भर जाता है.

Add image caption here
यह भी पढ़ें- पहली बारिश में दरिया बना गुरुग्राम, 8 KM लंबा ट्रैफिक जाम, घंटों रेंगती रही कारें - देखें Videos
प्लानिंग की कमी
गुरुग्राम की इस स्थिति के पीछे एक बात और सामने आती है कि शहर में नए सेक्टर बसते गए, लेकिन उनके लिए अलग ड्रेनेज सिस्टम नहीं बना. पुरानी और नई लाइनें आपस में नहीं जुड़ीं. इससे समस्या और बढ़ती गई.
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 8 किलोमीटर लंबा
गुरुग्राम में मंगलवार को हुई बारिश से हाल-बेहाल हो गया. कहीं सड़कें धंस गईं तो कहीं जलजमाव की वजह से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 8 किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जिसके बाद हाईवे पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं. हीरो होंडा चौक, राजीव चौक और नरसिंहपुर जैसे इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम देखा गया. प्रशासन के सारे इंतजाम धरे के धरे रह गए.

Add image caption here
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, बुधवार को भी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने इसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी से बिहार तक 2 दिन भारी बारिश, देश के 15 राज्यों में मॉनसून का IMD अलर्ट, जानें आज का मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं