विज्ञापन
This Article is From Nov 30, 2017

कानपुर : बिल्हौर में बदमाशों ने गोलियां बरसाकर पत्रकार की हत्या की

बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने अखबार हिंदुस्तान के बिल्हौर तहसील के संवाददाता नवीन पर गोलियां चलाईं, अस्पताल ले जाते समय मौत

कानपुर : बिल्हौर में बदमाशों ने गोलियां बरसाकर पत्रकार की हत्या की
प्रतीकात्मक फोटो
लखनऊ: कानपुर जिले के बिल्हौर में आज एक पत्रकार की हत्या कर दी गई. दैनिक समाचार पत्र हिंदुस्तान के बिल्हौर तहसील के संवाददाता नवीन को ज्ञात बदमाशों ने गोलियां मारीं. उनकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने नवीन पर गोलियां बरसाईं. वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए. यह वारदात बिल्हौर कोतवाली और नगर पालिका के समीप हुई.

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जय प्रकाश ने बताया कि नवीन गुप्ता (35) जब सड़क किनारे स्थित सार्वजनिक शौचालय से निकल रहा था, तभी उस पर गोलियों से हमला कर दिया गया. अस्पताल ले जाते वक्त नवीन की रास्ते में ही मौत हो गई. समाचार फैलते ही जिले के तमाम आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए. घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुला लिया गया.

यह भी पढ़ें : त्रिपुरा में कांस्टेबल ने कहासुनी होने पर पत्रकार की गोली मारकर हत्या की

प्रमुख सचिव (सूचना) अवनीश अवस्थी ने लखनऊ में बताया कि मुख्यमंती योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है और पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह को निर्देश दिए हैं कि वह इस मामले की जांच जल्द करवाएं और अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करवाएं. अवस्थी ने बताया कि कानपुर के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए.

पुलिस अधिकारियों को अभी इस हत्या के पीछे के कारणों के बारे में जानकारी नहीं है. लेकिन पहली नजर में उन्हें यह कोई पुरानी दुश्मनी का मामला लगता है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिवार द्वारा लिखित शिकायत देने पर मामला दर्ज किया जाएगा. इस बीच पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान छेड़ दिया है लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

स्थानीय पत्रकारों और पत्रकार संगठनों ने इस हत्याकांड के बाद तुरंत एक बैठक बुलाई और पत्रकार की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की. कानपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अवनीश दीक्षित ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि पत्रकार के हत्यारों को अगर 24 घंटे के अंदर नहीं गिरफ्तार किया गया तो पत्रकार आंदोलन करेंगे. उन्होंने पत्रकार के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की.

VIDEO : गौरी लंंकेश की हत्या

गौरतलब है कि जून 2015 में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक पत्रकार जगेंद्र सिंह की जलाकर हत्या कर दी गई थी. वह खनन माफिया के घोटालों को उजागर कर रहे थे. अक्टूबर 2015 में प्रदेश के चंदौली जिले में 45 साल के पत्रकार हेमंत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वर्ष 2015 के अगस्त में ही बरेली में अंशकालिक संवाददाता के रूप में हिन्दी दैनिक में काम करने वाले संजय पाठक (42) की हत्या उनके सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार कर दी गई थी.
(इनपुट भाषा से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Journalist Shot Dead
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com