विज्ञापन

धनबाद में प्रेमिका का खौफनाक अंत, जंगल में मिला धड़, 100 मीटर दूर बोरे में मिला सिर; 4 आरोपी गिरफ्तार

झारखंड के धनबाद में एक गर्भवती किशोरी का सिरकटा शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

धनबाद में दिल दहला देने वाली वारदात
NDTV

झारखंड के धनबाद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. बलियापुर थाना क्षेत्र के एक जंगल में एक किशोरी का सिरकटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान गिरिडीह की रहने वाली पूनम कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

जंगल में मिला धड़, 100 मीटर दूर बोरे में मिला सिर

यह घटना बलियापुर थाना क्षेत्र के खेरबड़िया इलाके की है. स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में खून से लथपथ एक धड़ पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी. जांच के दौरान पुलिस को धड़ से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ के नीचे प्लास्टिक के बोरे में सिर भी मिला.

घटनास्थल पर अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री मिली थी, जिसके बाद इलाके में कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं. हालांकि पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा.

प्रेम संबंध के बाद की थी शादी

परिजनों के अनुसार, पूनम पढ़ाई के लिए अपने रिश्तेदारों के यहां रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात कृष रवानी से हुई. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली. शादी के बाद दोनों बलियापुर के करमाटांड़ इलाके में किराये के मकान में रहने लगे. बताया जा रहा है कि पूनम तीन महीने की गर्भवती थी.

पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
Photo Credit: NDTV

लापता होने के बाद खुला मामला

पूनम बुधवार से लापता थी. उसके पिता ने गुरुवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई. अगले दिन जंगल में शव मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया. इसके बाद रांची से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया.

चप्पल बनी सबसे बड़ा सुराग

जांच के दौरान घटनास्थल से मिली एक चप्पल की गंध सूंघते हुए डॉग स्क्वायड करीब 4 किलोमीटर दूर कृष रवानी के घर पहुंच गया. यहीं से पुलिस को अहम सुराग मिले और जांच आगे बढ़ी.

पिता को पसंद नहीं था यह रिश्ता

पुलिस के अनुसार, कृष रवानी के पिता इस शादी से खुश नहीं थे. उनका मानना था कि लड़की का परिवार उनके सामाजिक और आर्थिक स्तर का नहीं है. साथ ही उनका यह भी आरोप था कि इस रिश्ते की वजह से बेटे को पहले जेल भी जाना पड़ा था, जिससे परिवार की बदनामी हुई थी. इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कथित तौर पर अपने कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर इस वारदात की साजिश रची.

4 आरोपी गिरफ्तार

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक के पिता जयराम रवानी, उसकी मौसी आलोमानी देवी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

फॉरेंसिक जांच जारी

पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है.

यह भी पढ़ें: कल्याण के होटल में पार्टी पर रेड: 65 लोग हिरासत में, ड्रग्स के एंगल की जांच, 7 आयोजकों पर FIR दर्ज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News, Crime News Jharkhand, Jharkhand News, Jharkhand Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com