पश्चिमी दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में एक बार और रेस्टोरेंट संचालक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. कारोबारी ने पंजाबी बाग थाने में शिकायत देकर पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
विदेशी नंबर से वॉयस नोट पर आया धमकी भरा मैसेज
शिकायत के मुताबिक, पंजाबी बाग के क्लब रोड स्थित ब्रीथ फाइन लाउंज एंड बार के संचालक राजकुमार वालिया ने बताया कि 18 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉयस नोट आया. वॉयस नोट भेजने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताते हुए 5 करोड़ रुपये की मांग की. उसने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो कारोबारी या उसके परिवार के किसी सदस्य की हत्या कर दी जाएगी. धमकी देने वाले ने यह भी कहा कि पहले परिवार के किसी सदस्य को मारेंगे, उसके बाद 10 करोड़ रुपये मांगेंगे.
पीड़ित का कहना है कि उसने फोन करने वाले से कहा कि उसके पास इतनी रकम नहीं है और किसी ने गलत जानकारी दी है, लेकिन आरोपी लगातार धमकियां देता रहा. इस घटना के बाद कारोबारी और उसका परिवार दहशत में है.
पीड़ित ने पंजाबी बाग थाने में शिकायत देकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई के प्रत्यर्पण की मांग करेगा यूएस, अमेरिकी न्याय विभाग ने कर दिया कन्फर्म
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं