उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए फरार आरोपी पति को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और इसी विवाद ने हत्या की वारदात का रूप ले लिया.
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:32 बजे सीलमपुर थाना पुलिस को गौतमपुरी की गली नंबर-9 में एक महिला की हत्या की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब 45 साल महिला घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली. महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे. उसे तुरंत जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
वारदात के बाद घर से गायब था पति, पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया. दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से कई सबूत जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की. शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद से महिला का पति सलीम घर से गायब है. इसी वजह से पुलिस का शक सबसे पहले उसी पर गया. इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया, मुखबिरों से जानकारी जुटाई और आरोपी की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू कर दी.
लगातार बदल रहा था लोकेशन
जांच के दौरान पता चला कि हत्या के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था ताकि पुलिस उसे पकड़ न सके. वह पहले आनंद विहार पहुंचा और वहां से मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और लखनऊ तक घूमता रहा. बाद में वह फिर मुरादाबाद लौटा, जहां रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने उसे दबोच लिया.
सहकर्मी से अवैध संबंध के शक में पत्नी को उतारा मौत के घाट
पूछताछ में 52 साल के सलीम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पहले एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करती थी. उसे शक था कि पत्नी का फैक्ट्री में काम करने वाले एक सहकर्मी के साथ अवैध संबंध है. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे.
आरोपी ने बताया कि 16 जुलाई को भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई. गुस्से में उसने घर में रखी कैंची से पत्नी पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. जब उसे लगा कि पत्नी की मौत हो चुकी है, तो उसने घर में ताला लगाया और मौके से फरार हो गया.
पुलिस ने बरामद की कैंची
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची और वारदात के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- सपेरे को 20 हजार एडवांस... नींद की 25 गोलियां और बिस्तर पर सांप; मेरठ की दामिनी ने पति को कैसे मारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं