9 साल की शादी पर 4 साल का प्यार भारी पड़ गया. तभी तो वो पहले पत्नी सक्कुबई को मंदिर ले गया. वहां से लौटते समय चूहे मारने की दवा मिलाकर जूस पिलाया. बेहोश होते ही सड़क किनारे ले जाकर उसका गला घोंट दिया. फिर पुलिस को फोन कर कहा कि मेरी पत्नी हादसे का शिकार हो गई. आरोप है कि संतोष पटायात ने ये सब अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए किया. हालांकि अब वह पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है.
पत्नी की हत्या की खौफनाक साजिश
आरोप है कि संतोष का गंव की रहने वाली किसी विधवा महिला के साथ पिछले चार साल से एक्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था. दोनों के रिश्ते में रुकावट न बने इसीलिए पत्नी की हत्या कर दी. किसी को उस पर शक न हो इसलिए उसने हत्या को सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की. लेकिन वह पुलिस की तेज नजरों ने बच न सका.
हत्या के लिए पत्नी को मंदिर ले गया
दिल दहलादेने वाली ये घटना कर्नाटक के बेलगावी जिले की है. पुलिस ने आरोपी संतोष को पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. गोकाक तालुक के शिंडिकुराबेट गांव की रहने वाली सक्कुबाई की हत्या कथित तौर पर उसके पति संतोष पटायात ने की. बताया जा रहा है कि संतोष ने अपनी पत्नी से कहा कि अधिक मास चल रहा है तो बैलहोंगल तालुक के मारकुम्बी गांव के चामुंडेश्वरी मंदिर चलते हैं. पत्नी मंदिर जाने के लिए तैयार हो गई.
जहर वाला जूस पिलाकर हत्या की
दोनों साथ-साथ मंदिर में दर्शन करने गए. लौटते समय शातिर पति ने प्लानिंग के तहत कथित तौर पर एक सॉफ्ट ड्रिंक में चूहे मारने की दवा और चूड़ियों का पाउडर मिलाया. पत्नी सक्कुबाई को प्रसाद बताकर इसे पिला दिया. जब वह बेहोश होने लगी, तो उसने कथित तौर पर सड़क किनारे गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. फिर उसने शव को मोटरसाइकिल पर लादकर हत्या को सड़क दुर्घटना दिखाने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, शातिर अपराधी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके कहा कि उसकी पत्नी के साथ सड़क हादसा हो गया है. पुलिस के आने तक वह कुछ घंटों तक सड़क किनारे ही बैठा रहा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
मौके पर पहुंची पुलिस को सक्कुबाई को देखकर संतोष की मौत वाली कहानी पर कुछ शक हुआ. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए उन्होंने बेलगावी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (BIMS) भेजा. शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला कि मौत हत्या थी, न कि दुर्घटना. रिपोर्ट आते ही पुलिस का शक यकीन में बदल गया.
9 साल साल पहले हुई थी शादी
सख्ती से पूछताछ हुई तो संतोष ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिर उसने पूरा षड्यंत्र का खुलासा पुलिस के सामने कर दिया. उसने बताया कि वह प्रेमिका के साथ रहना चाहता था, इसीलिए पत्नी को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस ने बताया कि संतोष और धारवाड़ तालुका के कल्लर गांव की रहने वाली सक्कुबाई की शादी 9 साल पहले हुई थी. उसका गांव की विधवा महिला के साथ पिछले चार सालों से अफेयर चल रहा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हिंडालगा जेल भेज दिया. पुलिस अब हत्या में उस विधवा महिला की भूमिका की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें-8 एपिसोड की सीरीज में दिखे दिल्ली के दो कत्ल और फांसी की सजा, 48 साल बाद परदे पर आई कहानी बनी नंबर 1
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं