विज्ञापन

Vaishali Murder Mystery: भाभी की हत्या के बाद देवर ने उठाया खौफनाक कदम, थाने में खाया जहर

बिहार के वैशाली जिले में अपनी प्रेग्नेंट भाभी की हत्या के आरोपी देवर ने पुलिस थाने के लॉक-अप में जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस कस्टडी में आरोपी को जहर कैसे मिला?

Vaishali Murder Mystery: भाभी की हत्या के बाद देवर ने उठाया खौफनाक कदम,  थाने में खाया जहर
मृत्तका भाभी(बाएं), आरोपी देवर( दाएं)
NDTV

Bihar News: बिहार के वैशाली जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां बेलसर थाना क्षेत्र में एक युवक ने पुलिस हिरासत के अंदर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. युवक के ऊपर अपनी भाभी का गला दबाकर हत्या करने का आरोप है. इस घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.

देवर ने गला दबाकर भाभी की हत्या

मिली जानकारी के अनुसार,  बेलसर थाना क्षेत्र के मौना विशनपुर गांव में रहने वाली राधा कुमारी( 26) की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. मृतका का पति दीपक पटेल पुणे में काम करता है. उसके दो छोटे बच्चे है और एक गर्भ में बच्चा पल रहा था. घटना के समय घर पर राधा अकेली थी, जिसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के देवर साहिल पटेल को हिरासत में लिया था. जांच में साहिल की संलिप्तता सामने आई थी.

आरोपी के बदलते बयानों ने बढ़ाया था शक

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी देवर साहिल पटेल को हिरासत में ले लिया गया. आरोपी ने ही सबसे पहले पुलिस को हत्या की जानकारी दी थी. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपने बयानों से पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, जिसके बाद उस पर शक हुआ, जिस पर उससे सख्ती से पूछताछ की और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

मृतका की सास और जीजा ने जबरदस्ती के लगाए आरोप

उधर, मृतका के परिजन सास पुतुल देवी और जीजा महेश पटेल ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि घर में अकेली पाकर देवर ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की होगी और विरोध करने पर उसने उसकी हत्या कर दी. मामले को लेकर एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि महिला के गले पर चोट के निशान हैं . मौत की सही वजह क्या है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगी. जिसके बाद ही आगे की जांच की जा सकेगी.

पुलिस हिरासत में आरोपी ने खाया जहर

वही दूसरी तरफ मामले में पूछताछ के दौरान अचानक आरोपी साहिल पटेल ने पुलिस हिरासत में जहरीला पदार्थ निकालकर खा लिया. जिसपर उसकी तबीयत खराब हो गई. तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति नाजुक देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. 

आरोपी की स्थिति खतरे से बाहर

इस मामले को लेकर वैशाली एसपी विक्रम सिहाग ने बताया कि आरोपी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका इलाज चल रहा है. बहरहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास जहर अंदर कैसे पहुंचा. साथ ही फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आरोपी की हालत पर डॉक्टरों की निगरानी जारी है.

यह भी पढ़ें: पटना को जाम से मिलेगी राहत, 150 किमी रिंग रोड पर 15 हजार करोड़ होंगे खर्च; बड़े ट्रैफिक प्लान का ऐलान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com